Devendra Fadnavis Reaction: मुंबई महानगरपालिका (BMC) की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के गठबंधन ने एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए मेयर और डिप्टी मेयर के पदों पर कब्जा जमा लिया है। भाजपा की रितु तावड़े को निर्विरोध मुंबई का मेयर चुना गया है, जबकि शिवसेना के संजय घाडी डिप्टी मेयर पद के लिए निर्वाचित हुए हैं।
इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। मुंबई नगर निगम में हमारे भाजपा-शिवसेना गठबंधन की उम्मीदवार रितु तावड़े निर्विरोध मेयर चुनी गई हैं। उनके साथ ही शिवसेना के संजय घाडी ने डिप्टी मेयर का पद संभाला है। यह न केवल हमारी राजनीतिक जीत है, बल्कि यह मुंबई की जनता के विश्वास और हमारे गठबंधन की अटूट एकता का प्रतीक है।
विशेष रूप से हमने जनता से जो वादे किए थे उसको पूरा करने का काम यह महानगरपालिका करेगी। उन्होंने कहा कि रितु तावड़े अनुभवी नगरसेविका हैं। उन्होंने पिछले साल में जनता से जुड़े काम किए हैं। उन्हें महानगरपालिका के प्रशासन की भी समझ है। जनता की नब्ज को भी वे जानती हैं। इसलिए मुझे पूरा विश्वास है कि मनपा काे वह अच्छा नेतुत्व देंगी और महापौर के रूप में मुंबईकरों के सपनों को पूरा करेंगी।
सीएम फडणवीस ने उपमहापौर चुने गए संजय घाड़ी को लेकर कहा कि वे अनुभवी शिवसैनिक है। वे पूरी ताकत के साथ बीएमसी के प्रशासन को चलाने में मदद करेंगे। सीएम ने कहा कि यह साल हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की जन्म शताब्दी का साल है। इसलिए उनके सपनों को पूरा करने प्रयास महानगरपालिका के माध्यम होगा।
यह भी पढ़ें:- मुंबई में 40 साल बाद BJP का मेयर, रितु तावड़े निर्विरोध चुनी गईं; खत्म हुआ ठाकरे परिवार का दबदबा
मुख्यमंत्री फडणवीस ने आगे कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन-जन के लिए विकास का काम किया है। गरीब, मध्यम वर्गीय सभी तक जाे विकास पहुंचाया है। उसी विकास को आम मुंबईकरों तक पहुंचाने का प्रयास हम करेंगे। सीएम ने कहा कि मैं और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई महानगरपालिका को पूर्ण मदद करेंगे।