BEST Bus Strike News: बेस्ट कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा, जिससे मुंबई की बस सेवाएं लगभग पूरी तरह ठप हो गईं और लाखों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, कर्मचारियों और सरकार के बीच बातचीत में कोई ठोस समाधान नहीं निकलने से गतिरोध और गहरा गया है। इस बीच बेस्ट प्रशासन ने मेस्मा लागू करते हुए हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इसके बावजूद कर्मियों ने सख्त लहजे में कहा है कि जब तक समाधान नहीं निकलता है, तब तक आंदोलन शुरू रहेगा। हालांकि, यात्रियों और नीट परीक्षार्थियों को होनेवाली असुविधाओं को कम करने के लिए एसटी बसों की व्यवस्था की गई है।
शाम चार बजे जारी बेस्ट के आंकड़ों के अनुसार नियमित बेड़े की निर्धारित 238 बसों में से एक भी बस सड़क पर नहीं उतर सकी।। इसी तरह 3,076 निर्धारित चालकों में केवल 37 चालक और 4,705 परिचालकों में सिर्फ 11 परिचालक ड्यूटी पर पहुंचे। वेट-लीज बेड़े की 2,438 निर्धारित बसों में से भी एक भी बस संचालित नहीं हुई।
4,699 चालकों में केवल 9 चालक उपस्थित रहे, जबकि 1,694 परिचालकों में से कोई भी काम पर नहीं आया। इन आंकड़ों से हड़ताल को कर्मचारियों का व्यापक समर्थन मिलने और बस सेवाओं के लगभग पूरी तरह ठप होने का संकेत मिलता है। बेस्ट संयुक्त कामगार कृति समिति ने स्पष्ट किया है कि शुक्रवार को परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के साथ हुई बैठक के परिणाम से कर्मचारी संतुष्ट नहीं हैं।
इसलिए आंदोलन जारी रहेगा। समिति के संयोजक एडवोकेट उदयकुमार आमोणकर ने कहा कि बैठक के कार्यवृत्त में मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासनों का उल्लेख नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी किसी भी समय बातचीत के लिए तैयार हैं और उनका उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान व बेस्ट सेवा को बहाल करना है। उन्होंने यह भी कहा कि नीट परीक्षा देने वाले छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसकी चिंता उन्हें भी है।
बेस्ट की अध्यक्ष डॉ तृषा विश्वासराव ने कहा कि प्रशासन ने समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं। उन्होंने बताया कि हड़ताल जारी रहने पर मेस्मा के तहत कार्रवाई और तेज की जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए 100 एसटी बसों की व्यवस्था की गई है।
मुंबई पुलिस ने भी चेतावनी दी है कि परिवहन सेवाओं में बाधा पहुंचाने, बेस्ट संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या ड्यूटी पर आने के इच्छुक कर्मचारियों को रोकने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, बेस्ट अधिकारियों के अनुसार हड़ताली कर्मचारियों और वेट लीज ठेकेदारों दोनों को मेस्मा के तहत नोटिस जारी किए गए है।