एशियाई खेलों के पदक विजेताओं और कला-फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया (फोटो नवभारत)
मुंबई

बांद्रा रेलवे स्टेशन ने पूरे किए 162 साल, तीन दिवसीय महोत्सव में दिखी मुंबई की ऐतिहासिक विरासत

Bandra Railway Station 162 Years: बांद्रा रेलवे स्टेशन के 162 वर्ष पूरे होने पर आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का समापन हुआ। आयोजन में स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक परंपरा को प्रदर्शित किया गया।

सूर्यप्रकाश मिश्र, आलोक उमाकृष्ण

Highlights

  • बांद्रा स्टेशन पर 27 से 29 नवंबर 2026 तक महोत्सव आयोजित किया गया।

  • स्टेशन का उद्घाटन 28 नवंबर 1864 को हुआ था।

  • वर्तमान ऐतिहासिक इमारत का निर्माण 1888 में पूरा हुआ था।

  • स्टेशन को ग्रेड-I विरासत संरचना का दर्जा प्राप्त है।

Heritage And History Of Bandra Railway Station: मुंबई की ऐतिहासिक पहचान और पश्चिम रेलवे की समृद्ध विरासत के प्रतीक बांद्रा रेलवे स्टेशन ने अपने गौरवशाली सफर के 162 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल की ओर से 27 से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय ‘बांद्रा स्टेशन महोत्सव 2026’ का रविवार को भव्य समापन हुआ।

बांद्रा स्टेशन के हेरिटेज कॉन्कोर्स में आयोजित इस महोत्सव में रेलवे की ऐतिहासिक धरोहर, स्थापत्य कला, सांस्कृतिक परंपरा और आधुनिक उपलब्धियों की आकर्षक झलक देखने को मिली।

बांद्रा रेलवे स्टेशन

ग्रेड-I विरासत संरचना

बांद्रा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन 28 नवंबर 1864 को हुआ था। 19वीं सदी में मुंबई के रेल नेटवर्क के विस्तार के दौर में स्थापित यह स्टेशन समय के साथ उपनगरीय रेल परिवहन का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया। स्टेशन की ऐतिहासिक इमारत और विशिष्ट स्थापत्य शैली इसे सामान्य रेलवे स्टेशनों से अलग पहचान देती है।

ग्रेड-I विरासत संरचना के रूप में मान्यता प्राप्त यह स्टेशन मुंबई की स्थापत्य और रेल विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बीते 162 वर्षों में इसने शहर के सामाजिक, आर्थिक और परिवहन विकास की यात्रा को करीब से देखा है।

जीएम डीआरएम रहे उपस्थित

समापन समारोह में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक एवं मुख्य अतिथि रामाश्रय पाण्डेय तथा मुंबई सेंट्रल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। तीसरे दिन की शुरुआत प्रख्यात पुरातत्वविद् एवं इतिहासकार कुरुष एफ. दलाल के विशेष व्याख्यान से हुई।

उन्होंने बांद्रा स्टेशन के ऐतिहासिक विकास, स्थापत्य विशेषताओं और मुंबई के रेल इतिहास में इसके योगदान पर विस्तार से जानकारी दी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरुण कुमार मीणा के अनुसार, तीसरे दिन का कार्यक्रम इतिहास और विरासत पर केंद्रित रहा।

1888 में तैयार हुई थी वर्तमान ऐतिहासिक इमारत

बांद्रा स्टेशन के इतिहास का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि 28 नवंबर 1864 को यहां रेल सेवा की शुरुआत हुई थी, जबकि आज दिखाई देने वाली खूबसूरत ऐतिहासिक स्टेशन इमारत का निर्माण 1888 में पूरा हुआ। इसकी वास्तुकला में विक्टोरियन गोथिक और पारंपरिक स्थानीय स्थापत्य शैली का सुंदर मेल दिखाई देता है।

ढलानदार मैंगलोर टाइलों वाली छत, लकड़ी की नक्काशी, लोहे के मूल स्तंभ, विशाल बरामदे, ऊंची खिड़कियां और आकर्षक वॉच टावर इसकी खास पहचान हैं। महाराष्ट्र राज्य की विरासत सूची में इसे ग्रेड-I विरासत भवन का दर्जा प्राप्त है।

पश्चिमी और हार्बर लाइन को जोड़ने वाला

बांद्रा स्टेशन केवल यात्रियों के आवागमन का केंद्र नहीं, बल्कि मुंबई के बदलते सामाजिक और आर्थिक स्वरूप का भी साक्षी रहा है। कभी उपनगरीय इलाके की पहचान रहा यह स्टेशन आज पश्चिम रेलवे की पश्चिमी और हार्बर लाइन को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र है। आधुनिक सुविधाओं और बढ़ते यात्री दबाव के बीच इसकी ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखना भी रेलवे के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

खिलाड़ियों और कलाकारों का सम्मान

समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक पंकज सिंह ने स्वागत भाषण दिया। महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने अपने संबोधन में बांद्रा स्टेशन की गौरवशाली विरासत को संरक्षित रखने तथा पश्चिम रेलवे की ऐतिहासिक संपत्तियों के संरक्षण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर मंडल के एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही बांद्रा स्टेशन की थीम पर आयोजित कला और फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन रेलवे सुरक्षा बल के बैंड की शानदार प्रस्तुति, सांस्कृतिक संगीत कार्यक्रम और सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ।

Delimitation Bill Live: स्टालिन से मिले राहुल गांधी, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; अब पवार को मनाएंगे

India Bloc Sharad Pawar Meeting in Mumbai LIVE: स्टालिन के बाद शरद पवार को मनाने पहुंचेंगे राहुल गांधी

15 दिसंबर के बाद NDA में होंगे शरद पवार! शिंदे गुट के नेता बच्चू कडू का बड़ा दावा

स्टालिन से मिले इंडिया ब्लॉक के नेता, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; राहुल बोले परिसीमन तमिलनाडु के खिलाफ

शरद पवार की राष्ट्रवादी पर भाजपा की नजर? महाजन बोले- राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं