अजित पवार (pic credit; social media) 
मुंबई

'कानून में दखल नहीं...', महिला DSP को 'इतनी हिम्मत...' कहने वाले वीडियो पर अजित पवार ने दी सफाई

Ajit Pawar Viral Video: डिप्टी सीएम अजित पवार को कथित तौर पर IPS अधिकारी अंजना कृष्णा से यह कहते हुए सुना गया था, “इतना आपको डेयरिंग हुआ है क्या!”

अर्पित शुक्ला

Ajit Pawar News: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार ने महिला अधिकारी को कथित तौर पर डांटने के मामले पर सफाई दी है। अजित पवार और महिला आईपीएस अधिकारी के बीच फोन पर बहस का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा था। इस पर सफाई देते हुए अजित पवार ने कहा है कि उनका इरादा कानून प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने का नहीं था, बल्कि यह सुनिश्चित करना था कि वहां स्थिति शांत रहे।

उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सोलापुर जिले में पुलिस अधिकारियों के साथ मेरी बातचीत के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरा इरादा कानून प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने का नहीं था, बल्कि यह सुनिश्चित करना था कि वहां स्थिति शांत रहे और आगे न बिगड़े।"

महिला अधिकारियों का बहुत सम्मान करता हूं

अपनी सफाई में अजित पवार ने आगे लिखा, "मैं अपने पुलिस बल और उन महिला अधिकारियों का बहुत सम्मान करता हूं, जो साहस और ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। कानून का शासन मेरे लिए सर्वोपरि है। मैं पारदर्शी प्रशासन और अवैध रेत, मिट्टी और पत्थर खनन समेत हर अवैध गतिविधि के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।" इससे पहले, महिला अधिकारी अंजना कृष्णा को डांटते और उनके खिलाफ एक्शन की चेतावनी का वीडियो वायरल हुआ। महिला अधिकारी फोन पर बात कर रही हैं, जिसमें दूसरी तरफ से उन्हें बताया गया था कि वे उपमुख्यमंत्री अजित पवार हैं। जानकारी के अनुसार, सोलापुर के करमाला की उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी अंजना कृष्णा मुरम मिट्टी के अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थीं। फोन पर महिला अधिकारी को यह कार्रवाई रोकने के लिए कहा गया था।

क्या है मामला?

इसी बीच, महिला अधिकारी ने उपमुख्यमंत्री की आवाज को पहचानने से इनकार किया। इस पर सामने से कहा गया कि "सुनो, मैं डिप्टी चीफ मिनिस्टर बोल रहा हूं।" फोन कॉल पर ही महिला अधिकारी को उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद शिवसेना (यूबीटी) नेता और सांसद संजय राउत ने सवाल उठाए थे। संजय राउत ने कहा कि दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने आधा महाराष्ट्र लूट लिया है और बाकी हिस्सा अपने गुर्गों के जरिए लूटने के लिए प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं।

हालांकि, महाराष्ट्र सरकार में राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अजित पवार का बचाव किया। उन्होंने कहा कि अजित पवार कभी अवैध और गलत काम के लिए अधिकारियों पर दबाव डालने वाले मंत्री नहीं हैं। चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, "अजित पवार के पास आने वाले व्यक्ति ने उत्खनन को नियम के तहत बताया था, लेकिन अधिकारियों ने उसे अवैध बताया था। इसी को लेकर पूरा मामला उठा था।" बावनकुले ने कहा कि कई बार ऐसा होता है कि वास्तविक स्थिति मालूम नहीं होती है। - एजेंसी इनपुट के साथ

MLC Election Results: सभी सीटों के परिणाम जारी, यहां देखें पूरी लिस्ट; नागपुर और वाराणसी में फंसा पेच

Cyclone Arnab Update: 150 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं हवाएं, अब इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

6,337 वाली दवा अब 1,495 में मिलेगी, कैंसर की किन दवाओं के कितने घटे दाम? देखें लिस्ट

BIG BREAKING: CJP ने दिया कांग्रेस के 1 नवंबर की महारैली को समर्थन, अभिजीत दिपके ने किया ऐलान

Seva First Innovation: महाराष्ट्र में इनोवेशन चैलेंज की धूम, 7,952 नए विचार पेश; 30 अक्टूबर तक करें आवेदन