शादी का झांसा देकर एक महिला से 18 लाख रुपये ठगे
13 अन्य महिलाओं के अंतरंग वीडियो बनाकर पैसे ऐंठे
आरोपी मोहम्मद माजिन को यूएई से कोचीन एयरपोर्ट लाया गया
CBI, विदेश मंत्रालय और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम थी मौजूद
Fraud Case Accused Brought To India Extradited from UAE: शादी का झांसा देकर महिलाओं का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करने के आरोपी मोहम्मद माजिन को संयुक्त कार्रवाई के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है। आरोपी महाराष्ट्र पुलिस के एक मामले में वांछित था। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र पुलिस के समन्वय से उसे भारत लाने की कार्रवाई पूरी की।
महाराष्ट्र पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार, आरोपी ने एक महिला को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया। आरोपी ने धोखाधड़ी से महिला से 18 लाख रुपये भी हासिल किए। इस मामले में सक्षम अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार बनाया था। उसने इन महिलाओं से पैसे ऐंठे और उनके साथ अंतरंग पलों के वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे। इसके बाद आरोपी विदेश फरार हो गया था।
महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई के नई दिल्ली स्थित इंटरपोल प्रभाग ने आरोपी के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी करवाया था। इसके आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया और यूएई अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई सरकार ने उसे भारत प्रत्यर्पित करने की अनुमति दी।
महाराष्ट्र पुलिस की एस्कॉर्ट टीम यूएई पहुंची, जहां आरोपी मोहम्मद माजिन को भारतीय अधिकारियों के हवाले किया गया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर 20 नवंबर को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची।
सीबीआई भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में काम करती है और भारत की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भारतपोल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग का समन्वय करती है। सीबीआई के मुताबिक, वर्ष 2019 से अब तक 300 से अधिक वांछित अपराधियों को इंटरपोल के माध्यम से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में अब तक 74 भगोड़े शामिल हैं।