Minister Mangal Prabhat Lodha Visits: मुंबई में बीते दो-दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश हो रही है। इससे उत्पन्न असामान्य परिस्थितियों का जायजा लेने के लिए मुंबई उपनगर के सह पालकमंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने सोमवार को मुंबई महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों के साथ बैठक की।
बाद उन्होंने कहा कि मुंबई में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मंत्री लोढा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में मुंबईकरों का प्रशासन को मिला सहयोग बेहद सराहनीय रहा है।
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि लगातार भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मुंबई में एक ही दिन में 350 से अधिक पेड़ उखड़कर गिर गए। इसके बावजूद महानगरपालिका और विभिन्न प्रशासनिक विभागों ने युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर हालात को तेजी से नियंत्रित किया।
गिरे हुए पेड़ों को तत्काल हटाया गया, जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकाला गया और बंद पड़ी सड़कों को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण जनजीवन को सामान्य बनाने में काफी मदद मिली और कई स्थानों पर स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। एहतियात के तौर पर स्कूलों, कॉलेजों और बाद में सरकारी कार्यालयों में छुट्टी घोषित की गई, ताकि लोग सुरक्षित अपने घर पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस के निर्देश पर संभावित खतरे को देखते हुए व्हाट्सएप सहित विभिन्न माध्यमों से नागरिकों को सतर्कता संदेश भी भेजे गए। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर रखे हुए है और लोगों से केवल आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
यह भी पढ़ेः- रेलवे अलर्ट: लोनावला-कर्जत घाट में भूस्खलन, लंबी दूरी की ट्रेनें रद्द और डायवर्ट, यात्रा से पहले स्टेटस जांचें
मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद पिछले तीन दिनों से महानगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी लगातार मैदान में रहकर काम कर रहे हैं. उन्होंने सभी से अपील की कि संकट के समय राजनीति से ऊपर उठकर प्रशासन का सहयोग करें और उनके समर्पित कार्य की सराहना करें.