IMD ने 7 जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया।
मुंबई में गर्मी-उमस, जबकि पुणे और विदर्भ में बारिश के आसार हैं।
किसानों को कटी फसल सुरक्षित रखने और नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को राज्य के सात जिलों में बिजली गिरने और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट में नासिक, अहिल्यानगर, नागपुर, अमरावती, भंडारा, गोंदिया और गढ़चिरौली शामिल हैं। वहीं, मुंबई में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।
मुंबई, ठाणे और पालघर में शुक्रवार को बारिश की संभावना कम है। आसमान साफ रहने के साथ दिन में तेज धूप निकल सकती है। मुंबई में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब शहर में गर्मी और उमस का असर बढ़ सकता है। हालांकि, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
पुणे शहर में सुबह के समय मौसम साफ रह सकता है, लेकिन दोपहर और शाम तक बादल छाने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पुणे के घाट क्षेत्रों के अलावा सातारा, कोल्हापुर, सांगली और सोलापुर में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
विदर्भ के नागपुर, अमरावती, भंडारा, गोंदिया और गढ़चिरौली में मौसम विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। नागपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
नासिक शहर और अहिल्यानगर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, लातूर और धाराशिव में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
बेमौसम बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों को कटी हुई फसल और अनाज सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। गरज-चमक के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें।