Kolhapur Rally: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कोल्हापुर में एक सभा को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र सरकार की ओर से करवीर निवासिनी माता अंबाबाई मंदिर के जीर्णोद्धार और भव्य कॉरिडोर निर्माण कार्य की सराहना की।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की इस पवित्र भूमि पर स्थित माता अंबाबाई का धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां शुरू हुआ विकास कार्य भक्तों के लिए खुशी और गर्व का विषय है। अमित शाह ने कहा कि करवीर नगर में सदियों से माता अंबाबाई का निवास रहा है और अब महाराष्ट्र सरकार मंदिर के पुनर्निर्माण तथा कॉरिडोर निर्माण का कार्य कर रही है।
इस परियोजना पर करीब 1,500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इससे न केवल मंदिर परिसर का विकास होगा, बल्कि श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि देश में यह सांस्कृतिक पुनर्जागरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास भी, विरासत भी के विजन के तहत हो रहा है। महाराष्ट्र के सभी ज्योतिर्लिंगों और शक्तिपीठों के विकास और पुनरोद्धार का काम तेजी से चल रहा है। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल का भी जिक्र किया और कहा कि वहां की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया है।
ये भी पढ़े: ऑपरेशन टाइगर का फाइनल काउंटडाउन! आज महाराष्ट्र की राजनीति में होगा बड़ा धमाका? 6 बागी सांसद लेंगे ये फैसला
उन्होंने भरोसा दिलाया कि बंगाल की सीमाओं पर घुसपैठ को रोका जाएगा और हर घुसपैठिए की पहचान कर उसे बाहर किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस और उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस नेता और कांग्रेस की गोद में बैठे उद्धव जी घुसपैठियों को वोट बैंक में बदलकर अपना अस्तित्व बनाए रखना चाहते हैं। मैं उन्हें स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि यह देश कोई धर्मशाला नहीं है। यहां केवल वही लोग रहेंगे जो इस देश के हैं। उन्होंने कहा कि हर घुसपैठिए की पहचान की जाएगी और उसे देश से बाहर निकाला जाएगा।