जालना में सूखे से फसल नुकसान, किसानों को राहत का भरोसा; बावनकुले ने किया दौरा सोर्स: सोशल मीडिया
जालना

जालना: दो एकड़ कपास पर 75 हजार खर्च, किसान के हाथ में 15 हजार भी नहीं आने की आशंका; बावनकुले का राहत का भरोसा

Jalna Crop Loss Relief: जालना में कम बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बदनापुर-भोकरदन का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं और राहत का भरोसा दिया।

मनीषा बोंदरे

Jalna Drought Farmer Relief: कम बारिश और लंबे सूखे अंतराल से जालना जिले में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बदनापुर और भोकरदन तहसील के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों से उनकी समस्याएं जानीं और जल्द राहत का भरोसा दिया।

सूख रही फसलों से बढ़ी किसानों की चिंता

जालना जिले में कम बारिश और लंबे समय तक वर्षा नहीं होने से खरीफ फसलों पर संकट गहरा गया है। खेतों में खड़ी फसलें सूखने लगी हैं और किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बदनापुर और भोकरदन तहसील के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

बावनकुले ने बदनापुर तहसील के वरुड़ी और भोकरदन तहसील के दगड़वाड़ी में खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर फसल की स्थिति और उनकी आर्थिक परेशानियों की जानकारी ली।

दो एकड़ कपास पर 75 हजार खर्च

दौरे के दौरान किसानों ने बताया कि कम बारिश के कारण खेती का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। एक किसान ने बताया कि दो एकड़ कपास की फसल पर दवाइयों, खाद और मजदूरी के लिए करीब 75 हजार रुपए खर्च किए गए। इसके बावजूद अब हाथ में 15 हजार रुपए भी आने की उम्मीद नहीं है। स्थिति यह है कि खेत में खड़ी फसल को निकालने के लिए भी किसानों को अपनी जेब से पैसा खर्च करना पड़ रहा है।

किसानों ने मंत्री के सामने सूखे की स्थिति, फसल नुकसान और बढ़ते आर्थिक बोझ की जानकारी रखी। बावनकुले ने कहा कि प्राकृतिक संकट की इस स्थिति में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और प्रभावित किसानों को हरसंभव मदद देने का प्रयास किया जाएगा।

नुकसान का पंचनामा शुरू

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि कम बारिश का सीधा असर जिले की खेती पर पड़ा है। कई क्षेत्रों में फसलें सूखने के कारण किसानों के सामने आर्थिक संकट पैदा हुआ है। उन्होंने प्रशासन को नुकसानग्रस्त फसलों का तत्काल पंचनामा करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों ने पंचनामा प्रक्रिया शुरू भी कर दी है।

सरकार का प्रयास है कि प्रभावित किसानों के नुकसान का सही आकलन किया जाए, ताकि उपलब्ध नियमों के अनुसार उन्हें अधिक से अधिक राहत दिलाई जा सके। बावनकुले ने सूखे की स्थिति को देखते हुए सरकार द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाने की बात कही।

विश्रामगृह में भी सुनी लोगों की समस्याएं

खेतों के निरीक्षण के बाद बावनकुले ने शहर के विश्रामगृह में नागरिकों से मुलाकात की। लोगों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपे। बावनकुले ने संबंधित अधिकारियों को मामलों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान विधायक बबनराव लोणीकर, विधायक संतोष दानवे, विधायक नारायण कुचे, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे, अपर जिलाधिकारी रमेश मिसाल, बदनापुर की एसडीओ लता बागुल, भोकरदन के एसडीओ एवं सहायक जिलाधिकारी कार्तिक पाणिग्रही, जिला अधीक्षक गहिनीनाथ कापसे सहित किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।

TMC छोड़ BJP में शामिल हुईं अभिनेत्री कोयल मल्लिक को मिला बड़ा इनाम, पश्चिम बंगाल से मिला राज्यसभा का टिकट

नौकरशाही से सियासत तक: दिव्या मित्तल के बाद एम नागेश्वर राव की राजनीति में एंट्री, क्या UP में बदल रहा ट्रेंड?

पीएम किसान योजना: 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसान पोर्टल पर तुरंत करें ये काम, नहीं अटकेगा पैसा

कोलकाता में मनाया जाएगा 19वां प्रवासी भारतीय दिवस, Gen-Z के लिए विशेष सेगमेंट; शेड्यूल जारी

अगर डॉलर के मुकाबले 99 तक गिरा रुपया, तो महंगा होगा पेट्रोल, पढ़ाई और विदेशी यात्रा, जानें किसको होगा लाभ