जलगांव के भूषण ठाकरे ने केबीसी सीजन 18 में एक करोड़ जीते।
पिता ने मजदूरी की लेकिन बेटे को मजदूरी से रोककर पढ़ाई करवाई।
महज चौबीस रुपये लेकर मुंबई गए भूषण अब सात करोड़ के सवाल पर हैं।
KBC 18 First Crorepati From Jalgaon Maharashtra: कहते हैं कि माता-पिता अपने बच्चों को वह जिंदगी देना चाहते हैं, जो वे खुद नहीं जी पाए। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के बलवाड़ी गांव के 28 वर्षीय भूषण ठाकरे की कहानी इस बात की मिसाल है। पिता दिहाड़ी मजदूरी करते रहे, मां की तबीयत खराब रहती थी और कई बार सर्जरी भी हुई, लेकिन परिवार ने भूषण की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
पिता ने खुद कठिन मेहनत की, मगर बेटे को मजदूरी करने से रोककर पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। आज उसी बेटे ने KBC सीजन 18 में एक करोड़ रुपये जीतकर परिवार के संघर्ष को एक नई पहचान दी है।
भूषण इस सीजन के पहले करोड़पति बने हैं। उनकी सफलता की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि कभी वह अपनी जेब में महज 24 रुपये लेकर मुंबई पहुंचे थे। छोटे से गांव से बड़े सपने लेकर निकले भूषण ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी।
KBC के मंच पर अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान भूषण ने अपने परिवार के संघर्ष के बारे में बताया। उनके पिता दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करते थे। मां की तबीयत अक्सर खराब रहती थी और उन्हें कई सर्जरी से गुजरना पड़ा। इन तमाम मुश्किलों के बावजूद पिता ने मजदूरी करके परिवार संभाला और बेटे की पढ़ाई का खर्च उठाया।
भूषण ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान जब उन्हें दाखिला नहीं मिला, तो वह घर पर रहकर पढ़ाई कर रहे थे। पिता को रोज मेहनत करते देखकर उन्हें लगा कि उन्हें भी कुछ काम करके परिवार की आर्थिक मदद करनी चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने गांव की नदी पर काम करना शुरू कर दिया।
लेकिन पिता को यह मंजूर नहीं था। उन्होंने बेटे को मजदूरी करने से रोक दिया और साफ कहा कि या तो घर पर रहकर पढ़ाई करो या अपनी शिक्षा पूरी करने पर ध्यान दो। पिता नहीं चाहते थे कि बेटा भी वही जिंदगी जिए, जिसके लिए उन्हें खुद जीवनभर मेहनत करनी पड़ी।
भूषण ने बताया कि वह करीब डेढ़ साल से घर नहीं गए थे। उन्हें लगता था कि माता-पिता ने उनके लिए इतना कुछ किया है, लेकिन वह अभी तक उन्हें वैसी जिंदगी नहीं दे पाए, जिसके वे हकदार हैं। इसी वजह से उन्होंने तय किया था कि जीवन में कुछ सार्थक हासिल करने के बाद ही घर लौटेंगे।
उनके लिए KBC का मंच सिर्फ एक करोड़ रुपये जीतने का मौका नहीं था, बल्कि माता-पिता के त्याग और अपने वादे को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम भी था।
सोनी टीवी की ओर से जारी प्रोमो में भूषण ठाकरे एक करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देते नजर आ रहे हैं। इसके बाद अमिताभ बच्चन उन्हें गले लगाकर बधाई देते हैं। एक करोड़ रुपये का पड़ाव पार करने के बाद अब भूषण के सामने 7 करोड़ रुपये का जैकपॉट सवाल है। क्या वह इस सवाल का सही जवाब देकर और बड़ी उपलब्धि हासिल कर पाएंगे, इसका जवाब आगामी एपिसोड में मिलेगा।
जलगांव जिले के बलवाड़ी गांव से निकले भूषण की यह उपलब्धि उन परिवारों के संघर्ष को भी सामने लाती है, जहां माता-पिता अपनी जरूरतों को पीछे रखकर बच्चों के सपनों को पूरा करने में जुटे रहते हैं। कभी 24 रुपये लेकर मुंबई पहुंचे इस युवा की कहानी आज लाखों लोगों के लिए उम्मीद और मेहनत की मिसाल बन गई है।