गुलाबराव पाटिल ने जलगांव में मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि विधेयक पर संसद में चर्चा और उसके गुण-दोष पर विचार जरूरी है।
विपक्ष को विधेयक पढ़ने और सवाल उठाने का पूरा अधिकार बताया।
एनसीपी (शरद पवार गुट) का अंतिम रुख शरद पवार तय करेंगे।
Opposition On Lok Sabha Delimitation: लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर देश की राजनीति में छिड़ी बहस के बीच मंत्री गुलाबराव पाटिल ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हवाला दिया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए साफ कहा कि किसी भी विधेयक को सरकार अपनी मर्जी से सीधे लागू नहीं कर सकती।
संसद में उस पर चर्चा होगी, उसके उद्देश्य और पृष्ठभूमि पर विचार किया जाएगा तथा सांसदों की सहमति के बाद ही आगे का रास्ता तय होगा। पाटिल ने दोटूक कहा कि यह तानाशाही नहीं है कि बिल लाया और तुरंत मंजूर कर लागू कर दिया। महिला आरक्षण विधेयक की आड़ में भाजपा अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार लोकसभा क्षेत्रों का पुनर्गठन करना चाहती है, विपक्ष के इस आरोप को पाटिल ने खारिज किया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को विधेयक पढ़ने, उस पर सवाल उठाने और उसके गुण-दोष संसद में रखने का पूरा अधिकार है। सांसदों के सामने सभी पहलू रखे जाएंगे और चर्चा के बाद सहमति बनने पर ही विधेयक पारित होगा। यानी परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर फैसला किसी एक दल की इच्छा से नहीं, बल्कि संसदीय प्रक्रिया के तहत होगा।
एनसीपी (शरद पवार गुट) की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए पाटिल ने जितेंद्र आव्हाड के विधेयक के समर्थन में मतदान करने संबंधी बयान पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि पार्टी का अंतिम रुख शरद पवार ही तय करेंगे। आव्हाड क्या कहते हैं, उससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि पवार साहब की भूमिका क्या रहती है।
वहीं, एनडीए में नए दलों के शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि जो भी साथ आएगा, उसका स्वागत है। सहयोगी दलों की स्थिति और उनकी भूमिका स्पष्ट होने के बाद राजनीतिक समीकरणों की तस्वीर साफ होगी।
पाटिल ने जनसंख्या और परिसीमन को लेकर लोगों के बीच बने संभ्रम का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, इस विषय के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा जरूरी है। महाराष्ट्र सरकार और विपक्ष के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय लोकतांत्रिक और संसदीय प्रक्रिया से ही होगा।