Gondia Student UK Visa Rejection Manchester University: गोंदिया जिले के एक छात्र को मैनचेस्टर विश्वविद्यालय में पीएचडी कार्यक्रम के लिए चयनित होने के बावजूद ब्रिटेन सरकार ने वीजा देने से इनकार कर दिया। ब्रिटेन के अधिकारियों ने वीजा अस्वीकार करने की वजह बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार की ओर से दी जाने वाली छात्रवृत्ति वीजा के लिए निर्धारित मानदंडों को पूरा नहीं करती। गोंदिया निवासी आर्यन अग्रवाल का चयन मैनचेस्टर विश्वविद्यालय में मैटेरियल्स केमिस्ट्री में पीएचडी के लिए हुआ है।
उन्हें इस वर्ष महाराष्ट्र के तकनीकी शिक्षा निदेशालय द्वारा संचालित विदेशी उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी। हालांकि, ब्रिटेन के इमिग्रेशन रूल्स अपेंडिक्स फाइनेंस के अनुसार, वीजा के लिए केवल राष्ट्रीय सरकार की ओर से दी
जाने वाली छात्रवृत्ति को मान्य माना जाता है। वीजा अस्वीकृति पत्र में कहा गया कि छात्र ने महाराष्ट्र के तकनीकी शिक्षा निदेशालय से प्रायोजन संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। चूंकि यह राष्ट्रीय सरकार के बजाय राज्य सरकार का विभाग है,
इसलिए यह निर्धारित मानदंडों को पूरा नहीं करता। आर्यन ने बताया कि उन्हें जून 2025 में मैनचेस्टर विश्वविद्यालय से बिना किसी शर्त के प्रवेश प्रस्ताव मिला था। छात्रवृत्ति में देरी हुई और इसका परिणाम 16 फरवरी 2026 को घोषित किया गया।
महाराष्ट्र राज्य के तकनीकी शिक्षा निदेशक प्रमोद नाईक ने कहा कि उन्हें पहले इस वीजा समस्या की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि सरकारी नियमों में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके तहत छात्र के विदेश जाने से पहले छात्रवृत्ति की राशि विश्वविद्यालय के खाते में जमा कराई जा सके।