Gondia Police Investigation: मामूली विवाद को लेकर 32 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की घटना शुक्रवार, 28 अगस्त की मध्यरात्रि शहर के अंगूर बगीचा परिसर स्थित मोहबे हॉस्पिटल के पास एकदंत कॉलोनी में सामने आई। मामले में रामनगर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार नवाटोला (नागरा) निवासी मृतक मिथून भैयालाल ठाकरे (32) अपने मित्र का जन्मदिन मनाने के बाद 28 अगस्त की रात शराब के नशे में अंगूर बगीचा परिसर स्थित एकदंत कॉलोनी पहुंचा था।
इसी दौरान कटंगीटोला निवासी संदीप देवदास मेश्राम से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया।बताया जाता है कि रात करीब 1 बजे मिथून ठाकरे आरोपी संदीप मेश्राम के घर पहुंचा। इस दौरान उसने कथित रूप से संदीप की कॉलर पकड़कर उसके साथ धक्का-मुक्की की। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, धक्का-मुक्की से नाराज संदीप ने धारदार हथियार से मिथून पर हमला कर दिया। हमले में मिथून गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए भेज दिया। रामनगर पुलिस ने इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, हमले में किस धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया तथा घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक तिरुपति राणे के मार्गदर्शन में जारी है। जन्मदिन की पार्टी के बाद शुरू हुआ मामूली विवाद सीधे हत्या में तब्दील होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।