Zilla Parishad School Gondia: गोंदिया तहसील के जिप हिंदी वरिष्ठ प्राथमिक शाला लंबाटोलागिरोला में कार्यरत एक शिक्षक पर कक्षा तीसरी की नाबालिग छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर रावणवाड़ी पुलिस ने 28 जुलाई को संबंधित शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जिला परिषद स्कूल लंबाटोलागिरोला में पदस्थ शिक्षक पर स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा तीसरी की छात्रा के साथ अभद्रता करने का आरोप है। घटना के बाद छात्रा ने घर पहुंचकर पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजनों ने रावणवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद लंबाटोलागिरोला क्षेत्र के नागरिकों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षक समाज में गुरु का स्थान रखता है, ऐसे में इस प्रकार के आरोप शिक्षा व्यवस्था और शिक्षक जैसे सम्मानित पेशे की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले हैं। रावणवाड़ी थाना प्रभारी रामदास शेवते के मार्गदर्शन में पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता डेलिराम हुमे ने कहा कि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निलंबित करें ऐसे गलत हरकते करने वाले शिक्षक पर संबंधित विभाग द्वारा ठोस कार्रवाई कर तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए।
शिक्षा अधिकारी एम.एल. मेश्राम ने कहा कि पुलिस कार्रवाई होने के बाद शिक्षा विभाग भी शिक्षक पर उचित कार्रवाई करेगा। आगे हम मामले पर नजर बनाए हुए हैं।