Gondia Railway Station: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया स्टेशन पर 2 जून को विशेष नाका टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाना तथा यात्रियों में रेलवे नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
अभियान के दौरान कुल 18 ट्रेनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट व अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न श्रेणियों में कुल 423 मामलों से 2,12,830 रु. की राशि वसूल की गई। बिना टिकट यात्रा के 203 मामले में 1,41,335 रु., अनियमित यात्रा के 127 मामले में 61,895 रु., अनबुक्ड लगेज/सामान के 86 मामले में 8,600 रु., गंदगी फैलाने के 4 मामले में 400 रु., धूम्रपान के 3 मामले में 600 रु. वसूले गए।
यह विशेष अभियान सहायक वाणिज्य प्रबंधक अरविन्द साव की अगुवाई में चलाया गया जिसमें 2 मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, 9 मुख्य टिकट निरीक्षक, 18 यात्रा टिकट परीक्षक, 3 बहु कार्यी स्टाफ व 2 रेलवे सुरक्षा बलों का समावेश था।
नागपुर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान यात्रियों में अनुशासन स्थापित करने तथा रेलवे की आय की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ये भी पढ़े: पहला चरण खत्म, नागपुर में 11वीं प्रवेश का ट्रेंड साफ; सबसे ज्यादा छात्रों की पसंद बना साइंसc
यात्रियों को चाहिए कि वे सदैव वैध टिकट के साथ यात्रा करें। वहीं, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने कहा कि बिना टिकट यात्रा व नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही यात्रियों से अनुरोध है कि वे स्वच्छता बनाए रखें और रेलवे परिसर में धूम्रपान जैसे प्रतिबंधित कार्यों से दूर रहें।