नदीटोला भजेपार मार्ग  (सोर्सः सोशल मीडिया)
गोंदिया

Gondia News: गोंदिया के नदीटोला-भजेपार मार्ग पर हादसे का खतरा, संकरी सड़क और झाड़ियों से परेशानी

Naditola Bhejapar Road: गोंदिया के सालेकसा तहसील में नदीटोला-भजेपार-बोदलबोडी मार्ग संकरा होने के साथ दोनों ओर झाड़ियों और अतिक्रमण से प्रभावित है।

आंचल लोखंडे

Narrow Road In Gondia: गोंदिया जिले के सालेकसा तहसील अंतर्गत नदीटोला से भजेपार-बोदलबोडी के बीच का संकरा मार्ग इन दिनों वाहन चालकों और नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क की कम चौड़ाई, दोनों ओर बढ़ी झाड़ियां तथा सड़क किनारे पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण इस मार्ग पर कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। बारिश के दिनों में सड़क किनारे कीचड़ और फिसलन के कारण खतरा और बढ़ गया है।

नदीटोला, भजेपार और बोदलबोडी क्षेत्र के नागरिकों, किसानों तथा वाहन चालकों के लिए यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। लेकिन सड़क संकरी होने के कारण सामने से एक साथ दो वाहन आने पर उन्हें सुरक्षित तरीके से साइड देना मुश्किल हो जाता है। कई बार वाहनों को सड़क से नीचे उतारकर रास्ता देना पड़ता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के नियंत्रण खोने अथवा वाहन फिसलने की आशंका बनी रहती है।

दो वाहनों को साइड देना मुश्किल

सड़क के दोनों ओर झाड़ियां और घास बढ़ जाने से सामने से आने वाले वाहन समय पर दिखाई नहीं देते। विशेषकर मोड़ वाले स्थानों पर स्थिति अधिक खतरनाक हो गई है। रात के समय दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। नागरिकों का कहना है कि समय रहते सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को दैनिक कार्यों के लिए, किसानों को खेतों में आने-जाने के लिए तथा विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को इस मार्ग का नियमित उपयोग करना पड़ता है। इसलिए यह समस्या केवल यातायात तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ी हुई है।

हादसे से पहले कार्रवाई की मांग

नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन नदीटोला-भजेपार-बोदलबोडी मार्ग का तत्काल निरीक्षण करे। खतरनाक स्थानों पर सड़क की मरम्मत, झाड़ियों की कटाई तथा आवश्यकता के अनुसार सड़क का चौड़ीकरण किया जाए। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। नागरिकों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद जागने के बजाय प्रशासन को पहले ही ठोस कदम उठाने चाहिए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और कोई गंभीर दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, ऐसा सवाल भी क्षेत्रवासियों ने उठाया है।

भजेपार सरपंच चंद्रकुमार बहेकार ने कहा कि नदीटोला-भजेपार मार्ग बेहद संकरा है। इस मार्ग पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सड़क के दोनों ओर किसानों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इस संबंध में ग्राम पंचायत की ओर से भूमि अभिलेख कार्यालय, सालेकसा को पत्र देकर जमीन की माप कराई जाएगी। माप के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग से मांग की जाएगी।

मैं CM बनना चाहता हूं...केशव प्रसाद मौर्य के बयान से सियासी भूचाल! 2027 चुनाव के बाद योगी की होगी छुट्टी?

ताशकंद में PM मोदी का भव्य स्वागत, मिर्जियोयेव से हुई अहम बातचीत, द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग पर हुई बड़ी बात

20 मिनट की देरी ने बचाई जान, भारत लौटे केरल और नागपुरवासी, तमिलनाडु के 219 लोग सुरक्षित, सैकड़ों अभी भी लापता

NEET-PG Exam 2026: जयपुर में परीक्षा के दौरान सर्वर ठप, छात्रों का फूटा गुस्सा, सेंटर पर काटा बवाल- VIDEO

अब सड़क नहीं पटरी से जुड़ेगा भूटान, भारत के 4000 करोड़ के प्रोजेक्ट पर टिकी सबकी नजर