Gondia Housing Scheme: गोंदिया तहसील के ग्रामीण क्षेत्र में करीब 2,700 घरकुल लाभार्थियों को घरकुल निर्माण की किस्त नहीं मिलने से वे काफी समस्याओं से गुजरते हुए नजर आ रहे हैं। जिसके चलते लाभार्थियों का सरकार के प्रति तीव्र रोष दिखाई दे रहा है।उल्लेखनीय है कि अब सरकार के माध्यम से गरीब गरजू लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना, मोदी आवास योजना, रमाई आवास योजना जैसी विभिन्न आवास योजना के माध्यम से घरकुल बनाने के लिए अनुदान दिया जाता है।
लेकिन यही अनुदान की राशि समय पर नहीं मिलने से अनेक घरकुल निर्माण कार्य अटके हुए हैं। अधूरे घरकुल निर्माण कार्य से लाभार्थी अब परेशानी में नजर आ रहे हैं। क्योंकि कुछ ही दिनो में बारिश भी आ जाएगी। ऐसे में घर की छत नहीं होने से बारिश के दिनो मे किस तरह रह पाएंगे ऐसी विभिन्न समस्याएं उनके सामने निर्माण हो रही है। सरकार के प्रति घरकुल लाभार्थियों में तीव्र रोष दिखाई दे रहा है। आवास योजना के लाभार्थियों की माने तो उनके बताए अनुसार हमारी किश्त कब आएगी, इसके लिए वे अपने गांव की ग्राम पंचायत, रोजगार सेवक, जेई व पंचायत समिति के बारबार चक्कर काट रहे हैं।
निधि होने के बावजूद नहीं दी जा रही किश्त जानकारी के अनुसार, रमाई आवास योजना के खाते में निधि तो उपलब्ध है। लेकिन लाभार्थी के खाते में किश्त जमा नहीं हो रही है। यह समस्या गत एक महा से चल रही है। ऐसे मे रमाई आवास योजना के लाभार्थी परेशान नजर आ रहे हैं। रमाई आवास योजना के लाभार्थियों के माध्यम से सरकार से यह मांग की जा रही है कि निधि होने के बाद भी खाते में पैसे नहीं आना यह एक गंभीर समस्या है। जिसे संबंधित विभाग ने जल्द से जल्द निराकरण करना चाहिए। कुछ दिनों में बारिश के शुरू होने पर घरकुल निर्माण कर रहे लाभार्थियों को अनेक समस्या का सामना करना पड़ेगा।
पंस गोंदिया सभापती मुनेश रहागंडाले ने कहा कि घरकुल लाभार्थियों की समस्या को देखते हुए ही जिला प्रशासन के समक्ष यह मुद्दा उठाया गया व घरकुल लाभार्थियों को समय पर किस्त दी जाए व उनकी समस्या का शीघ्र निराकरण हो इसके लिए संबंधित वरिष्ठ विभाग को पत्रव्यवहार भी किए व सरकार की ओर से घरकुल लाभार्थियों को निधि देने की मांग की है।