Gondia Ballarshah Passenger Train Delay: गोंदिया-बल्लारशाह और बल्लारशाह-गोंदिया मार्ग पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों की अनिश्चित व घंटों की देरी से यात्रियों का सब्र जवाब देने लगा है। 22 अगस्त को गोंदिया-बल्लारशाह पैसेंजर ट्रेन क्र. 68815 तथा बल्लारशाह-गोंदिया पैसेंजर ट्रेन क्र. 68804 निर्धारित समय से करीब 4 से 6 घंटे देरी से चलने के कारण सिंदेवाही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का आक्रोश देखने को मिला।
गोंदिया-बल्लारशाह रेलमार्ग पर ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी अब यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। सिंदेवाही स्टेशन पर छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में यात्री घंटों ट्रेन का इंतजार करते रहे। धभूख-प्यास से परेशान यात्रियों ने आखिरकार रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
संतप्त यात्रियों ने आरोप लगाया कि मालगाड़ियों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है और इसके चलते सामान्य यात्रियों की पैसेंजर ट्रेनों को घंटों रोककर रखा जा रहा है। परेशान यात्रियों ने स्टेशन मास्टर से मुलाकात कर रेलवे के अव्यवस्थित संचालन पर नाराजगी जताई। साथ ही शिकायत पुस्तिका में रसीद क्र. 106517 के तहत लिखित शिकायत दर्ज कराई। लिखित शिकायत सामने आने के बाद स्टेशन मास्टर ने वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद ट्रेन रवाना की गई।
इस घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे के संचालन पर सवाल उठाए हैं। यात्रियों का सवाल है कि रेलवे का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार होता है या यात्रियों के विरोध के बाद? मालगाड़ियों के लिए पैसेंजर ट्रेनों को 5 से 6 घंटे तक क्यों रोका जाता है? यात्रियों ने इस मार्ग की पैसेंजर ट्रेनों की समय-सारणी तत्काल सुधारने तथा मालगाड़ियों के संचालन के कारण सामान्य यात्रियों को घंटों परेशान करना बंद करने की मांग की है।