Gadchiroli Temperature: प्राकृतिक सौंदर्य और घने जंगलों के लिए पहचाने जानेवाले गड़चिरोली जिले को भी इस वर्ष भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। विदर्भ क्षेत्र के साथसाथ जिले में लगातार गर्मी की लहर बनी हुई है और कई तहसीलों में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने गड़चिरोली जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिससे प्रशासन और नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। पिछले 4 दिनों से जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है। अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। कई स्थानों पर तापमान ने 46 डिग्री का आंकड़ा छू लिया है, जिसके कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है।
बाजार, चौक और सार्वजनिक स्थान लगभग खाली नजर आ रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में भी लोग तेज गर्मी और उमस से परेशान हैं। 25 मई से सूर्य की तपीश और अधिक बढ़ गई है, जिससे गर्मी का असर बेहद तीव्र हो गया है। दिनभर तेज धूप और रात में भी गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी के चलते स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आने लगी हैं। जिले के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों में 19 लोग हीट स्ट्रोक से प्रभावित हुए हैं, जबकि आरमोरी क्षेत्र में एक महिला की मौत होने से हड़कंप मच गया है।
मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और सिर ढंककर बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
तरबूज, खीरा, संतरा और अंगूर जैसे पानीयुक्त फलों का सेवन बढ़ाने की भी अपील की गई है। इधर, लगातार बढ़ती गर्मी के कारण जिले में जलसंकट की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। कई क्षेत्रों में लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में कुओं और बोरवेल का जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। पशुधन पर भी भीषण गर्मी का असर दिखाई देने लगा है।
ये भी पढ़े: हर साल पानी से बाहर आता है कांबलेश्वर मंदिर, इतिहास और आस्था का अद्भुत संगम, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक जिले में गर्मी की लहर जारी रहने की संभावना है।