Gadchiroli Farmer Loan Waiver Scheme 2026: राज्य सरकार की 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026' के दूसरे चरण में गड़चिरोली जिले के 3,610 किसान पात्र पाए गए हैं। पात्र किसानों को कर्जमाफी का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इसलिए पात्र किसान बिना देरी किए ई-केवाईसी और आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करें, ऐसा आह्वान जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने किया है। राज्य सरकार द्वारा 2 जून और 15 जुलाई 2026 को लिए गए निर्णय के अनुसार 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026' घोषित की गई है।
योजना के पहले चरण में गड़चिरोली जिले के 2,671 किसान पात्र पाए गए थे, जबकि अब दूसरे चरण में अतिरिक्त 3,610 किसानों को पात्र घोषित किया गया है। इस बीच योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में कर्जमाफी की राशि जमा करने की प्रक्रिया जारी है। जिला उपनिबंधक मकंद मेश्राम के अनुसार अब तक पहले और दूसरे चरण को मिलाकर कुल 4,371 किसानों के खातों में 25 करोड़ 2 लाख 50 हजार 395 रुपए जमा किए जा चुके हैं।
योजना के तहत 1 अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2025 के बीच वितरित किए गए, 30 सितंबर 2025 को बकाया तथा 31 मार्च 2026 तक जिन अल्पावधि फसल ऋणों की अदायगी नहीं हुई है, उन्हें योजना के लिए विचार में लिया जाएगा। पात्र किसानों के ऋण खाते में बकाया मूलधन और ब्याज की कुल राशि पर प्रति किसान अधिकतम 2 लाख रुपए तक की कर्जमाफी का लाभ दिया जाएगा।
कर्जमाफी का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त करने के लिए संबंधित पात्र किसानों को ई-केवाईसी और आधार प्रमाणीकरण पूरा करना अनिवार्य है। प्रमाणीकरण पूरा होने के बाद कर्जमाफी की आगे की प्रक्रिया को गति मिलेगी। इसलिए पात्र किसान अपने नजदीकी 'आपले सरकार सेवा केंद्र' में जाकर ई-केवाईसी एवं आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करें।
कर्जमाफी की राशि निर्धारित करते समय शासन द्वारा बैंकों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बकाया ऋण की तारीख और संबंधित अवधि को ध्यान में रखा जाएगा। शासन के निर्धारित मानदंडों के अनुसार यह प्रक्रिया संबंधित बैंकों के माध्यम से पूरी की जाएगी। जिले का एक भी पात्र किसान कर्जमाफी के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए दूसरे चरण के सभी पात्र किसान सूची में अपना नाम जांचे और आपले सरकार सेवा केंद्र में ई-केवाईसी एवं आधार प्रमाणीकरण तत्काल पूरा करें, ऐसी अपील जिला उपनिबंधक सहकारी संस्था गड़चिरोली मुकुद मेश्राम ने की है।
दूसरे चरण के पात्र किसानों की सूची शासन की ओर से 11 सितंबर 2026 को जिला प्रशासन को प्राप्त हुई है। इस सूची में जिले के 3,610 किसानों का समावेश है। पात्र किसानों की सूची जिला उपनिबंधक, सहकारी संस्था कार्यालय, संबंधित सहायक निबंधक कार्यालय, जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक एवं संबंधित बैंक शाखाओं, प्राथमिक कृषि पतसंस्थाओं तथा गांव स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही है। दूसरे चरण में पात्र पाए गए किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर कर्जमाफी संबंधी संदेश भी भेजे गए हैं।