

Nagpur Sorcery Suspicion Murder: नागपुर जिले में बेटे पर जादू-टोना कर उसकी मौत का कारण बनने के संदेह में 72 वर्षीय ससुर ने अपनी बहू को उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी ससुर ने परिसर में स्थित कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
हालांकि पुलिस और दमकल विभाग ने समय रहते उसे कुएं से बाहर निकाल लिया, फेफड़ों में पानी भर जाने से उसकी हालत गंभीर बताई गई और उपचार जारी था। यह घटना शनिवार दोपहर 12.30 बजे यशोधरानगर थानांतर्गत पीली नदी के पाहुणे लेआउट में हुई। मृतका लक्ष्मी पाली बताई गई।
आरोपी लक्ष्मी का ससुर नत्थूलाल पाली है। पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी के पति रविशंकर की वर्ष 2019 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से वह अपने ससुर से अलग रह रही थी। उसकी 21 वर्षीय बेटी और 19 वर्षीय बेटा भी साथ रहते थे। बताया जाता है कि नत्थूलाल को संदेह था कि उसकी बहू जादू-टोना करती है। उसी ने जादू-टोना करके उनके बेटे की जान ली। इसी बात को लेकर वह आए दिन लक्ष्मी से विवाद करता था।
नागपुर जिले में बेटे पर जादू-टोना कर उसकी मौत का कारण बनने के संदेह में नत्थूलाल पाली कई बार वह मारपीट पर उतारू हो जाता था और लक्ष्मी को जान से मारने की धमकी देता था। घर मे बच्चों या परिसर के नागरिकों द्वारा बीच-बचाव करने पर विवाद शांत हो जाता था। शुक्रवार रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। शनिवार दोपहर 12 बजे लक्ष्मी घर की पिछली तरफ बर्तन-कपड़े धो रही थी। नत्थूलाल ने फिर गाली-गलौजा शुरू कर दी। इसी दौरान उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर लक्ष्मी के सिर पर वार कर दिया। वार इतना गहरा था कि लक्ष्मी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इसके बाद नत्थूलाल ने भी कुएं में छलांग लगा दी। स्थानीय नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही यशोधरानगर पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल विभाग को मौके पर बुलाया गया। अग्निशमन दल की मदद से नत्थूलाल को कुएं से बाहर निकाला गया, तब तक उसके फेफड़ों में पानी भर चुका था। उसे उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया, पंचनामा कर पुलिस ने लक्ष्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए। प्रकरण की जांच जारी थी।