Eknath Shinde Absents Cabinet Meeting: महाराष्ट्र में सत्ताधारी गठबंधन के भीतर राजनीतिक हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। गैर-मराठी ऑटो-टैक्सी चालकों को मराठी सिखाने के मुद्दे पर महाराष्ट्र सरकार में कलह की खबरें बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हुई, लेकिन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बैठक में प्रत्यक्ष रूप से मौजूद नहीं रहे। उनकी गैरहाजिरी को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, शिंदे की अनुपस्थिति का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
बताया जा रहा है कि एकनाथ शिंदे रविवार को भीमाशंकर के दौरे पर थे। ऐसे में माना जा रहा है कि उन्हें मुंबई लौटने में देरी हुई होगी। वहीं, पिछले कुछ दिनों से सत्तारूढ़ गठबंधन में मराठी भाषा के मुद्दे को लेकर मतभेद की चर्चा के बीच उनकी गैरहाजिरी ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है।
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की बैठक से अनुपस्थित रहने के बीच एकनाथ शिंदे के सोमवार शाम दिल्ली रवाना होने की भी चर्चा है। उनके अचानक संभावित दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, दिल्ली दौरे के पीछे का कारण अभी सामने नहीं आया है।
पिछले दिनों गैर-मराठी ऑटो-टैक्सी चालकों को मराठी सिखाने के मुद्दे पर महाराष्ट्र सरकार में कलह की खबरें सामने आई थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने वीटो पावर का इस्तेमाल करते हुए परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के सख्त फैसले को पलट दिया था। सीएम के इस कदम से सरनाईक सहित उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के कुछ अन्य मंत्रियों की नाराजी की खबरें भी सामने आई थी।
इस बीच, भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत पहुंचने पर एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वैश्विक अनिश्चितता, युद्ध के खतरे और मंदी के दबाव के बावजूद 7.8 प्रतिशत की जीडीपी विकास दर भारत की मजबूत आर्थिक क्षमता को दर्शाती है।
एकनाथ शिंदे ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत हर चुनौती का सामना करते हुए 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।