

Santosh Bangar On Eknath Shinde: सावन के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कलमनुरी विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना विधायक संतोष बांगर के नेतृत्व में विशाल कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। इस पारंपरिक यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्तों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा क्षेत्र 'हर हर महादेव' और 'बम बम भोले' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
कावड़ यात्रा की शुरुआत कलमनुरी शहर स्थित प्रसिद्ध चिंचालेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। पूजा संपन्न होने के बाद हजारों कावड़िए जल लेकर हिंगोली स्थित मंदिर की ओर रवाना हुए। यात्रा के मार्ग पर सड़कों के दोनों ओर और इमारतों की छतों से लोगों ने कावड़ियों का स्वागत किया और दर्शन लाभ लिया।
हर साल की तरह इस बार भी संतोष बांगर के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा को एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। यात्रा में जनसैलाब इतना बड़ा था कि भीड़ का सटीक अंदाजा लगाना मुश्किल था।
कांवड़ यात्रा के समापन अवसर पर आयोजित जनसभा में शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे, हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर समेत कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए विधायक संतोष बांगर ने भगवान महादेव के चरणों में प्रार्थना की कि एकनाथ शिंदे एक बार फिर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनें। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर राजनीतिक हमला बोलते हुए उन पर तीखे प्रहार किए।
सावन के दूसरे सोमवार के कारण 12 ज्योतिर्लिंगों में से आठवें ज्योतिर्लिंग के रूप में पूजे जाने वाले हिंगोली के ऐतिहासिक औंढा नागनाथ मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु भगवान नागनाथ का जलाभिषेक और दर्शन करने पहुंचे थे।
मंदिर में देर रात दो बजे प्रशासनिक महापूजा संपन्न की गई, जिसके तुरंत बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। रात से ही दर्शन के लिए किलोमीटर लंबी कतारें लग गई थीं। पूरे मंदिर परिसर में भक्तों का उत्साह चरम पर था और चारों तरफ केवल भोलेनाथ का नाम गूंज रहा था।
यह कावड़ यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र भी बन गई। विधायक संतोष बांगर की भगवान महादेव से एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने की प्रार्थना की राजनीतिक गलियारों चर्चा हो रही है।