ई-बस सेवा के ITMS और TMC सिस्टम पर 10 साल में 9 करोड़ खर्च प्रस्तावित।
शुरुआती खर्च के लिए हर महीने 7.5 लाख रुपये की मंजूरी।
JBM कंपनी को प्रति किलोमीटर 63 रुपये भुगतान का प्रावधान।
देवपुर की सब्जी मंडी का निर्माण करीब डेढ़ साल से बंद।
सब्जी मंडी के लिए दो साल पहले 13.5 करोड़ का कार्यादेश जारी हुआ था।
Dhule E Bus Service Expense Controversy: धुले शहर में ई-बस सेवा शुरू होने से पहले ही उसके वित्तीय नियोजन ने महानगरपालिका प्रशासन को सवालों के घेरे में ला दिया है। गुरुवार को स्थायी समिति की बैठक में 10 साल के लिए प्रस्तावित 9 करोड़ रुपए के खर्च पर सदस्य वंदना भामरे ने प्रशासन से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल उठाया कि महासभा में जब ई-बस सेवा से मनपा पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ने की बात कही गई थी, तो अब 9 करोड़ रुपए खर्च करने की मंजूरी क्यों मांगी जा रही है?
टिकट और विज्ञापन से होने वाली संभावित आय का हिसाब भी प्रशासन ने स्पष्ट नहीं किया। दूसरी ओर, देवपुर स्थित नेताजी ग्राउंड के पास सब्जी मंडी का निर्माण डेढ़ साल से बंद होने पर अमोल मासुले ने ठेकेदार और प्रशासन को घेरा। उन्होंने दो टूक कहा कि ठेकेदार की लापरवाही से लागत बढ़ती है तो उसका आर्थिक बोझ मनपा क्यों उठाए? ऐसे ठेकेदारों के कारण मनपा का दिवाला निकलने में देर नहीं लगेगी।
स्थायी समिति सभापति लताबाई पोतदार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल पांच एजेंडा विषयों पर चर्चा के बाद मंजूरी दी गई। हालांकि, ऐन वक्त के विषयों पर सब्जी मंडी के अधूरे निर्माण, घरकुल योजना की जांच और ई-बस सेवा के वित्तीय प्रबंधन को लेकर सदस्यों ने प्रशासन से जवाब मांगा। ई-बस सेवा के लिए आईटीएमएस और टीएमसी प्रणाली विकसित करने तथा अगले 10 वर्षों तक उसके संचालन के लिए करीब 9 करोड़ रुपए खर्च प्रस्तावित हैं।
इसके लिए प्रतिमाह 7.5 लाख रुपए के खर्च को मंजूरी दी गई। वंदना भामरे ने सवाल उठाया कि पहले यह दावा किया गया था कि ई-बस सेवा से मनपा पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। अब शुरुआती खर्च मनपा निधि से क्यों किया जा रहा है? उन्होंने जेबीएम कंपनी को प्रति किलोमीटर 63 रुपए भुगतान के प्रावधान पर भी सवाल उठाए। इसमें 22 रुपए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से तथा 41 रुपए मनपा को वहन करने हैं। जब बस और चालक कंपनी के हैं, तो टिकट बिक्री और विज्ञापन से होने वाली आय किसके खाते में जाएगी? इसका स्पष्ट विवरण सदस्यों के सामने रखा जाना चाहिए।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि जनवरी में बसें आने से पहले कमांड सेंटर और सॉफ्टवेयर प्रणाली तैयार करना जरूरी है। शुरुआती दो-तीन महीने का खर्च मनपा निधि से किया जाएगा। बाद में टिकट और विज्ञापन से होने वाली आय से खर्च की भरपाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि योजना बीओटी पद्धति पर नहीं, बल्कि मनपा के संचालन में रहेगी।
देवपुर में नेताजी ग्राउंड के पास सब्जी मंडी का निर्माण करीब डेढ़ साल से बंद है। अमोल मासुले ने सवाल उठाया कि ठेकेदार की वजह से काम लंबित है और यदि निर्माण लागत बढ़ती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? मनपा जनता के पैसों से ठेकेदार की लापरवाही का नुकसान क्यों उठाए? उन्होंने मांग की कि निर्धारित प्रावधान से अधिक खर्च होने पर अतिरिक्त राशि संबंधित ठेकेदार से वसूल की जाए।
इस पर अभियंता चंद्रकांत उगले ने बताया कि करीब दो साल पहले 13.5 करोड़ रुपए की लागत से काम का कार्यादेश जारी किया गया था। अब तक 1.5 करोड़ रुपए का काम हुआ है और ठेकेदार को 21 लाख रुपए का भुगतान किया गया है। काम बंद रहने पर ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। सोमवार को फिर नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद भी जवाब नहीं मिलने पर नई निविदा निकाली जाएगी। मनपा को आर्थिक नुकसान नहीं होने देने का आश्वासन भी दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत शहरस्तरीय तकनीकी कक्ष के कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान घरकुल योजना के क्रियान्वयन का मुद्दा उठा। वंदना भामरे ने कहा कि लाभार्थियों को निर्माण के अलग-अलग चरणों में मिलने वाली किस्तें समय पर दी जानी चाहिए। ऑनलाइन आवेदन और कर्मचारियों के बीच काम का स्पष्ट बंटवारा नहीं होने से गरीब लाभार्थियों को परेशानी हो रही है।
वहीं अमोल मासुले ने चार महीने पहले महासभा में घरकुल योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर की गई शिकायतों का हवाला देते हुए पूछा कि प्रशासन ने अब तक क्या कार्रवाई की? उन्होंने अगली बैठक में जांच रिपोर्ट पेश करने की मांग की।
मनपा के घंटागाड़ी, डॉग वैन, फॉगिंग वाहन, ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों के लिए 30 कुशल वाहन चालकों की ठेका पद्धति से नियुक्ति की जाएगी। चार महीने पहले निकाली गई निविदा में छह आवेदकों ने समान दरें भरी थीं। इससे चयन प्रक्रिया में पेच निर्माण हुआ। अब पुरानी निविदा रद्द कर नए सिरे से निविदा निकालने को मंजूरी दी गई।
बैठक की शुरुआत में वंदना भामरे ने संविधान दिवस के कार्यक्रम में नगरसेवकों को आमंत्रित नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। प्रशासन ने बताया कि सुबह 10.30 बजे अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरकारी प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किया था। इस पर भामरे ने सवाल किया कि क्या नगरसेवक धुले मनपा का हिस्सा नहीं हैं?
उन्होंने भविष्य में संविधान दिवस और महापुरुषों की जयंती-पुण्यतिथि के कार्यक्रमों में सभी सदस्यों को आमंत्रित करने की मांग की। इसके बाद अमोल मासुले के सुझाव पर सभागृह में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया।
नवभारत लाइव के लिए काकर वाहिद की रिपोर्ट