छत्रपति संभाजीनगर साहूकारों ने परिवार को दी धमकी प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
छत्रपति संभाजीनगर

25 लाख दो वरना बेटी की.. संभाजीनगर में साहूकार की काली करतूत, पूरा कर्ज लौटाया फिर भी हड़प लिए 2 मकान, धमकी दी

Chhatrapati Sambhajinagar Crime News: छत्रपति संभाजीनगर में 6 लाख के कर्ज पर 10% चक्रवृद्धि ब्याज वसूलने, पूरा कर्ज चुकाने के बाद भी दो मकान हड़पने के आरोप में तीन साहूकारों पर केस दर्ज।

शफीउल्ला हुसैनी, आकाश मसने

Chhatrapati Sambhajinagar Illegal Moneylending Case: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से गैरकानूनी साहूकारी और दबंगई की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महज 6 लाख रुपये का कर्ज देने के बदले पीड़ित परिवार से हर महीने 10 प्रतिशत की दर से भारी-भरकम चक्रवृद्धि ब्याज वसूला गया।

हद तो तब हो गई जब पूरा कर्ज चुका दिए जाने के बावजूद आरोपियों ने पीड़ित के दो मकानों पर अवैध कब्जा कर लिया और फिर से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली।

इस मामले में छत्रपति संभाजीनगर शहर की मुकुंदवाड़ी पुलिस ने आरोपी संजय रायमल, निर्मला संजय रायमल और अंजना अनपट के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

कर्ज चुकाया, फिर भी जालसाजी कर हड़पे दो मकान

शिकायत के अनुसार, लता उर्फ सपना अशोक मरकड ने वर्ष 2022 में आरोपियों से 6 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके बदले जयभवानी नगर स्थित उनके मकान के दस्तावेज गिरवी रखे गए थे।

आरोप है कि कर्ज की पूरी रकम लौटाने के बाद भी आरोपियों ने मकान के दस्तावेज वापस नहीं किए। इसके बजाय कर्जदार के पति पर दबाव बनाकर एक मकान का बिक्री विलेख अंजना अनपट के नाम करा लिया गया। दूसरा मकान भी उनके परिचित के नाम कराने का आरोप है।

बेटी का वैवाहिक जीवन बर्बाद करने की दी धमकी

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने रकम बकाया होने का दावा करते हुए कर्जदार को परेशान किया। इसके बाद 25 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। रकम नहीं देने पर कर्जदार और उनके परिवार को जान से मारने, बेटी का वैवाहिक जीवन बर्बाद करने तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

छापेमारी में मिले 17 तरह के संदिग्ध कागजात और ब्लैंक चेक

शिकायत के बाद उपनिबंधक सहकारी संस्था कार्यालय की दो टीमों ने 21 अप्रैल को आरोपियों के घरों की तलाशी ली। इस दौरान विभिन्न बैंकों के खाली चेक, गिरवी दस्तावेज, उधारी करार, साहूकारी से संबंधित रजिस्टर और अन्य कागजात सहित 17 प्रकार की सामग्री जब्त की गई। कई रजिस्टरों में सैकड़ों पन्नों की प्रविष्टियां मिलीं।

तीनों को पूछताछ और सुनवाई के लिए बुलाया गया था। संजय और निर्मला रायमल उपस्थित नहीं हुए, जबकि अंजना अनपट ने लिखित जवाब दिया। जब्त दस्तावेजों और जांच में साहूकारी का कारोबार किए जाने के संकेत मिलने के बाद मामला छत्रपति संभाजीनगर पुलिस तक पहुंचा। आगे की जांच सहायक निरीक्षक हरेश्वर घुगे कर रहे हैं।

अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सुखबीर बादल, बोले- न डरता हूं, न डरा हूं, पंजाब का माहौल नहीं बिगड़ने देंगे

समय रैना को सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत, इंडियाज गॉट लेटेंट मामले में सभी FIR रद्द करने के दिए आदेश

चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर SC सख्त: केंद्र सरकार को जारी किया नोटिस, पूछा- क्यों नहीं हो रही पुलिस रिपोर्टिंग?

आज की ताजा खबर 14 अगस्त LIVE: जेपी नड्डा अस्पताल में भर्ती; चमोली लैंडस्लाइड हादसे में मृतकों की संख्या हुई 7

लाल किले से PM मोदी का मेगा शो: 80वें स्वतंत्रता दिवस का पूरा मिनट-टू-मिनट शेड्यूल जारी, जानें कब क्या होगा