Chhatrapati Sambhajinagar Drug Case: औरंगपुरा स्थित जिला परिषद मैदान के प्रवेश द्वार के पास नशीली गोलियां बेच रहे 20 वर्षीय युवक को मादक पदार्थ निरोधक विभाग की टीम ने गुरुवार रात रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राहिल शेख महेमूदशेख (20, हुसैन कॉलोनी, पुंडलिक नगर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से नाइट्राजेपाम की 210 गोलियां और 50 हजार रुपये कीमत का आईफोन सहित कुल 51,680 रुपये का माल जब्त किया है। अपराध शाखा के निरीक्षक गजानन कल्याणकर के अनुसार, उपनिरीक्षक उत्तरेश्वर मुंडे को 27 अगस्त की रात सूचना मिली थी कि जिला परिषद मैदान के प्रवेश द्वार के पास एक युवक नशीली गोलियां बेच रहा है। सूचना के आधार पर रात करीब 10 बजे पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राहिल को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसकी जींस की दाहिनी जेब से नाइट्राजेपाम की 21 स्ट्रिप मिलीं। प्रत्येक स्ट्रिप में 10 गोलियां थीं। पूछताछ में राहिल ने बताया कि वह ये गोलियां जुबेर उर्फ जुनेद समशेर पठान से लाता था। पुलिस ने राहिल और जुबेर के खिलाफ क्रांति चौक थाने में मामला दर्ज किया है। जुबेर की तलाश जारी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अशोक इंगोले कर रहे हैं।