Chhatrapati Sambhajinagar Ganeshotsav Preparations: गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और गणेश मंडलों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मनपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर समीर राजूरकर की अध्यक्षता में गुरुवार को गणेशोत्सव की पूर्व तैयारियों को लेकर बैठक हुई।
बैठक में जुलूस मार्ग के गड्ढे तत्काल भरने, गणेश मंडलों को अस्थायी मंडप लगाने की अनुमति देने के लिए शुरू की गई एक खिड़की व्यवस्था को गति देने तथा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ जनरेटर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
महापौर समीर राजूरकर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गणेश विसर्जन जुलूस के मार्ग पर गड्ढे और खराब सड़कों की मरम्मत समय रहते पूरी की जाए। मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच के लिए संबंधित अभियंताओं को मौके पर जाकर निरीक्षण करने को कहा गया। काम गुणवत्तापूर्ण होने की पुष्टि के बाद ही उसे पूरा माना जाए, ऐसी स्पष्ट हिदायत दी गई।
सार्वजनिक गणेश मंडलों को अस्थायी मंडप लगाने की अनुमति आसानी से मिल सके, इसके लिए शुरू की गई एक खिड़की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। गणेशोत्सव से संबंधित सभी आवश्यक प्रशासनिक मंजूरियां जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
विसर्जन स्थलों के लिए निश्चित कुओं उसमें जमा गाद निकालने के साथ ही कृत्रिम विसर्जन तालाबों की व्यवस्था की समीक्षा की गई। नए स्थानों पर कृत्रिम तालाब बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में विसर्जन प्रक्रिया प्रभावित न हो, इसके लिए जनरेटर की व्यवस्था करने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग, मंडप अनुमति, विसर्जन व्यवस्था, सफाई और प्रकाश व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। नागरिकों और गणेश मंडलों को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करना होगा।
बैठक में स्थायी समिति सभापति अनिल मकरिये, सभागृह नेता गोविंद केंद्रे, नगरसेवक ऋषिकेश जायसवाल, अतिरिक्त आयुक्त रणजीत पाटील, कल्पिता पिंपले, शहर अभियंता संजय कोंबडे सहित कार्यकारी अभियंता, उपअभियंता और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।