कैनॉट प्लेस में कुछ मिनटों में चोरी (सोर्स: AI)
छत्रपति संभाजीनगर

छत्रपति संभाजीनगर में सिमकार्ड लेने उतरे दंपती, लौटे तो बाइक से गायब थी बैग, 78 हजार सोने के ज्वेलरी और मोबाइल

Cannaught Place Theft Case: छत्रपति संभाजीनगर के कैनॉट प्लेस में सिमकार्ड लेने उतरे दंपती की बाइक से चोर ने बैग चुरा लिया। बैग में सोने के आभूषण, पायल और मोबाइल समेत 78 हजार का सामान था।

शफीउल्ला हुसैनी, आलोक उमाकृष्ण

Chhatrapati Sambhajinagar Gold Jewellery Mobile Stolen: छत्रपति संभाजीनगर में सिमकार्ड लेने के लिए बाइक कुछ मिनटों के लिए सड़क किनारे खड़ी करना एक दंपती को महंगा पड़ गया। बाइक की सीट पर रखी बैग पर अज्ञात चोर ने हाथ साफ कर दिया।

बैग में सोने के आभूषण, पायल और मोबाइल सहित करीब 78 हजार रुपये का सामान रखा था। घटना 8 सितंबर की रात करीब नौ बजे कैनॉट प्लेस में हुई। शिकायत के आधार पर सिडको पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिमकार्ड लेने गए, लौटे तो बैग गायब

शिकायतकर्ता शेखर प्रदीप हिवराले कन्नड़ स्थित ITI महाविद्यालय में शिल्प निदेशक हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर उनकी पत्नी पुनम मायके गई थीं। 8 सितंबर को शेखर पत्नी को मुकुंदवाड़ी से लेकर वापस लौट रहे थे। कैनॉट प्लेस पहुंचने पर दोनों सिमकार्ड लेने के लिए बाइक से नीचे उतरे। इस दौरान पुनम ने अपनी पीठ पर रखी बैग बाइक की सीट पर रख दी।

सिमकार्ड लेने के बाद दंपती कुछ ही मिनटों में वापस अपनी बाइक के पास पहुंचे तो सीट पर रखी बैग गायब मिली। अचानक बैग न मिलने से दोनों घबरा गए और उन्होंने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की। उन्होंने कैनॉट प्लेस के आसपास दुकानों, सड़क किनारे और नजदीकी स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं मिला।

दंपती ने आसपास मौजूद लोगों से भी बैग के बारे में जानकारी ली, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी बैग नहीं मिलने पर शेखर हिवराले ने घटना की जानकारी सिडको पुलिस को दी। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

आभूषण और मोबाइल था बैग में

पुलिस के अनुसार, चोरी हुई बैग में 35 हजार रुपये कीमत के 2.750 ग्राम सोने के आभूषण, 10 हजार रुपये कीमत के 1.840 ग्राम सोने के कान के आभूषण, 10 हजार रुपये की पायल और 23 हजार रुपये का मोबाइल था। कुल 78 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है। छत्रपति संभाजीनगर पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर चोर की तलाश कर रही है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल पवार कर रहे हैं।

थुम्मीदिहेट्टी बैराज विवाद: CM फडणवीस से मिले रेवंत रेड्डी, तेलंगाना की मांग पर महाराष्ट्र बनाएगा अध्ययन समिति

100 करोड़ के घोटाले में तमिलनाडु के पूर्व शिक्षामंत्री अनबिल पोय्यामोझी गिरफ्तार, DMK ने लगाया गंभीर आरोप

बिना पुख्ता सबूत के 6 साल जेल में रहा शख्स, सुप्रीम कोर्ट ने बताया न्याय का मजाक; UP सरकार देगी मुआवजा

कई समझौतों के बाद भी नहीं सुलझा सीमा विवाद, क्या अब भारत-चीन निकाल पाएंगे हल; दोनों सेनाओं में झड़प की कहानी

खरगे के बयान पर भड़के नितिन नबीन, बोले- कांग्रेस की विरासत बन गई अपमानजनक भाषा