Saoli Women Injured In Crash: चंद्रपुर जिले के सावली तहसील के डोनाला गांव की महिलाओं के लिए बुधवार 6 मई की सुबह दर्दनाक साबित हुई। शादी समारोह में भोजन परोसने जा रही महिलाओं से भरा एक मिनी पिकअप वाहन उपरी-डोनाला मार्ग पर पलट गया, जिसमें 30 लोग घायल हो गए। इनमें 8 महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोनाला स्थित राजमाता जिजाऊ भोजन मंडल की 30 महिलाएं एमएच 34 बीजी 5492 क्रमांक की पिकअप से अंतरगांव जा रही थीं। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया, जिससे पिकअप सड़क किनारे उतरकर पलट गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। डोनाला के उपसरपंच जितेंद्र सोनटक्के तथा उपरी गांव के नागरिकों ने मिलकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल गडचिरोली जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे में घायल 4 महिलाओं की हालत चिंताजनक बतरई जा रही है। घायलों में लता पिपरे, प्रेमिला आलाम, धृपदा गेडाम और विमल बोबाटे की हालत गंभीर है। इनमें से लता पिपरे और प्रेमिला आलाम की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है, जबकि धृपदा गेडाम और विमल बोबाटे का उपचार आईसीयू में चल रहा है।
ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए सड़क निर्माण में लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उपसरपंच जितेंद्र सोनटक्के के अनुसार, पिछले दो वर्षों से उपरी-डोनाला मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन सड़क किनारे 'साइड फिलिंग' नहीं की गई। इससे सड़क और किनारे की जमीन में गहरी खाई बन गई है, जिसके कारण वाहन असंतुलित होकर पलट गया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
यह भी पढ़ें:- सोलापुर में नाबालिग का अपहरण: विधायक के दबाव में पुलिस? न्याय के लिए थाने के बाहर भूख हड़ताल पर बैठा परिवार
हादसे में जयश्री भुरसे, बेबी बोदलकर, जयश्री उडाण, गीता नागापुरे, लता पिपरे, शिवानी नागापुरे, वर्षा नागापुर, नीलिमा बोबाटे, विमल बोबाटे, साईल शेड़माके, प्रियांशू बोबाटे, गुड्डी वासेकर, चुटकी शेड़माके, श्वेता बावणे, रोहिणी बावणे, प्रतिमा बोदलकर, सरिता कुकडे, साधना पेंदोर, गणेश उडाण सहित अन्य दो लोग घायल हुए हैं.