Veer Baburao Shedmake Stadium: चंद्रपुर जिले के खेल क्षेत्र को नई दिशा देने वाले दाताला स्थित वीर बाबूराव शेडमाके स्टेडियम के 137 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को अब गति मिलने लगी है। प्रस्ताव को प्रशासनिक मंजूरी दिलाने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल शिक्षा एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव रणजीतसिंह देओल की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई बैठक में विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने परियोजना की आवश्यकता, चंद्रपुर के खेल विकास में इसके महत्व और वर्तमान स्थिति की विस्तार से जानकारी दी। इस पर प्रधान सचिव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए प्रस्ताव की आवश्यक जांच एवं पूर्तता कर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
चंद्रपुर शहर के समीप दाताला में प्रस्तावित वीर बाबूराव शेडमाके स्टेडियम के लिए 137 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट और प्रारूप तैयार किया गया है।चंद्रपुर जिले के साथ ही पूर्व विदर्भ के खिलाड़ियों को अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है। बैठक में विधायक मुनगंटीवार ने प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए शासन स्तर पर आवश्यक निर्णय लेने की मांग की।
उन्होंने बताया कि ‘मिशन शौर्य एवरेस्ट’ के तहत चंद्रपुर जिले के अनेक आदिवासी युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण मिला है। इस अभियान में जिले के पांच आदिवासी युवाओं ने एवरेस्ट शिखर फतह किया था। चंद्रपुर के युवाओं में मौजूद इस प्रतिभा को बेहतर खेल अधोसंरचना के माध्यम से और निखारा जा सकता है।
प्रधान सचिव रणजीतसिंह देओल ने परियोजना के संबंध में सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रस्ताव की आवश्यक जांच और पूर्तता कर प्रशासनिक मंजूरी के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शासन स्तर पर परियोजना के संबंध में सकारात्मक एवं अनुकूल कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच वीर बाबूराव शेडमाके स्टेडियम के निर्माण के बाद चंद्रपुर और पूर्व विदर्भ के खेल क्षेत्र को अत्याधुनिक अधोसंरचना उपलब्ध होगी। विशेष रूप से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को उचित दिशा देने और बड़े मंच पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। चंद्रपुर के खेल विकास को नई मजबूती देने के साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी।