बुलढाना. जिले के खामगांव सामान्य अस्पताल के कुप्रबंधन का मामला सामने आने के बाद जिला सर्जन डा. नितिन तड़स ने संज्ञान लिया है. जिला सर्जन ने घाटपुरी क्षेत्र के निवासी व्यक्ति के साथ स्वैब के बिना किए गए उपचार की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का इशारा दिया है. इस संदर्भ में जिला शल्य चिकित्सक ने मरीज की फाइल मंगवा ली है. इस संदर्भ में खुलासा तब हुआ जब कोविड के कारण मरने वाले व्यक्तियों के करीबी रिश्तेदारों ने सानुग्रह अनुदान के लिए आवेदन करने हेतु दस्तावेजों का मिलान करना शुरू कर दिया.
जिले के सभी ग्रामीण अस्पतालों, उप-जिला अस्पतालों और सामान्य अस्पतालों में कोरोना संदिग्धों और संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए अलग-अलग कोविड नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं. यहां एक स्वतंत्र चिकित्सा अधिकारी को भी नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. नोडल अधिकारी के पास कोविड वार्ड में मरीजों के पर्यवेक्षण, उपचार और प्रशासन के समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी.
हालांकि घाटपुरी के एक व्यक्ति की मौत से पता चलता है कि खामगांव अस्पताल के कोविड नोडल अधिकारी ने अपने कर्तव्य की उपेक्षा कर मरीज के स्वास्थ्य की ओर अनदेखी की है. यह मामला अब उजागर होने के बाद जिला सर्जन ने मामले को संज्ञान में लिया है और जिला सर्जन ने 'उस' मरीज की फाइल मांगी है. खामगांव सामान्य अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने भी इसको लेकर हैरानी जताई है.
खामगांव सामान्य अस्पताल में कोविड मरीजों का इलाज कर रहे संबंधित डॉक्टर भी मुश्किल में आ गया है. मामले की जानकारी चिकित्सा अधीक्षक से मांगी गई है. इसके साथ ही मरीज के परिजनों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और जिला सर्जन के पास शिकायत दर्ज कराने की इच्छा जताई है.
बुलढाना जिले में अब तक 81,660 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं. इनमें से 675 लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें से कई मरीजों को रेमडेसिविर के इंजेक्शन दिए गए हैं. परिजनों ने बताया कि घाटपुरी के मरीज को डायग्नोसिस से पहले रेमडेसिविर भी दिया गया था.
चूंकि सामान्य अस्पताल में कोई रेमडेसिविर उपलब्ध नहीं था, इसलिए डॉक्टर ने रेमडेसिविर इंजेक्शन को बाहर के मेडिकल से लाने की सलाह दी थी. अपने पिता की जान बचाने के उद्देश्य से पुत्र ने 2,500 रू. की दर से 5 रेमडेसिविर इंजेक्शन बाहर से खरीद कर अस्पताल को दिए थे. क्या मेरे पिता की मृत्यु रेमडेसिविर की वजह से नहीं हुई थी? ऐसा सवाल मरीज के पुत्र ने किया है.