पिंपरी: चिंचवड विधानसभा के उपचुनाव ( Chinchwad Assembly By-Election) में बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) महायुति के उम्मीदवार अश्विनी लक्ष्मण जगताप (Ashwini Laxman Jagtap) भारी मतों से जीती। इसके लिए रहाटनी के विमल गार्डन में महायुति के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार व्यक्त करने के लिहाज से एक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में बीजेपी (BJP) के चिंचवड विधानसभा चुनाव प्रमुख शंकर जगताप (Shankar Jagtap) का दुख साफ साफ झलका। उपचुनाव का मौका साधकर परायों के साथ मिलकर कुछ 'अपनों' ने जगताप परिवार को तोड़ने की कोशिश की और उस पर लगातार हमले किए। किसी शत्रु के साथ भी कभी ऐसा नहीं होना चाहिए, इन शब्दों में उन्होंने अपना दुख बयां किया।
शंकर जगताप ने कहा कि बीजेपी शहर अध्यक्ष और विधायक महेश लांडगे ने उपचुनाव में दिवंगत विधायक लक्ष्मणभाऊ जगताप की कमी नहीं खलने दी। लक्ष्मणभाऊ की तरह वे सभी कार्यकर्ताओं को बल देकर काम पर लगाते थे। सांसद श्रीरंग बारणे, पूर्व मंत्री बाला भेगड़े ने भी भरपूर समर्थन दिया। यहां की जनता और कार्यकर्ताओं ने 30-35 साल भाऊ को प्यार दिया। वही प्यार, वही आत्मीयता इस उपचुनाव में देखने को मिली।
शंकर जगताप ने कहा कि उपचुनाव का फायदा उठाकर कुछ असंतुष्ट लोगों ने जगताप परिवार को तोड़ने का काम किया। दुख की घड़ी में परायों के साथ मिलकर कुछ अपनों ने हमारे परिवार पर हमला करने की कोशिश की। कभी शत्रु को ऐसा कष्ट नहीं देना चाहिए। राजनीतिक इच्छा व्यक्त करने के लिए सभी को पर्याप्त ज्ञान और जागरूकता होनी चाहिए। असंतुष्ट लोगों ने जगताप परिवार को तोड़ने की जितनी कोशिश की, हमारा परिवार उतना ही एक और मजबूत होता गया। अतः मैं उन असंतुष्ट लोगों का भी धन्यवाद करता हूं। उपचुनाव में जाने-अनजाने सभी ने जी-जान से मेहनत की। मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं। हमें इस सफलता से थके बिना महानगरपालिका, लोकसभा और विधानसभा चुनावों की गंभीरता को समझना होगा। उन्होंने कहा कि चिंचवड विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उपचुनाव में जो विश्वास दिखाया है, उसे वह टूटने नहीं देंगे।
नवनिर्वाचित विधायक अश्विनी जगताप ने पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका पर पुनः बीजेपी का परचम लहराने का संकल्प किया। उन्होंने कहा कि दिवंगत विधायक लक्ष्मणभाऊ जगताप के निधन के बाद मात्र 21 दिन में उपचुनाव हुआ। इसके चलते उपचुनाव का सामना करना मुश्किल था, लेकिन सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने चुनाव की सभी आवश्यकताओं को पूरा किया। सबके आशीर्वाद से मैं घर से बाहर निकली और चुनाव में खड़ी हुई। मुझे मेरे परिवार का उतना ही सपोर्ट मिला। हम अपने लोगों को धन्यवाद नहीं देना चाहते हैं क्योंकि धन्यवाद परायों को दिया जाता है। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मेरे घर के हैं। हर कोई यह सोचकर संघर्ष कर रहा था कि मैं अश्विनी लक्ष्मण जगताप हूं। मेरे विधायक बनने के बाद विधायक पद की शपथ लेते समय मेरे पति का नाम लेते ही सभी कार्यकर्ताओं के चेहरे मेरी आंखों के सामने आ गए। उपचुनाव एक कवायद थी। उपचुनाव में इसकी परीक्षा देखी। अब हमें अब की बार 100 पार का टारगेट पूरा करना है। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने विश्वास जताया कि महानगरपालिका पर फिर से महायुति का झंडा फहराएगा।
भाजपा के शहर अध्यक्ष और विधायक महेश लांडगे ने कहा कि पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की वजह से उपचुनाव में जीत आसान हुई। इस आभार सम्मेलन में शिवसेना सांसद श्रीरंग बारणे, भाजपा विधायक उमा खापरे, प्रदेश प्रवक्ता एकनाथ पवार, प्रदेश सचिव अमित गोरखे, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अनुप मोरे, चिंचवड विधानसभा चुनाव प्रमुख शंकर जगताप, चिंचवड विधानसभा प्रभारी संतोष कलाटे, शहर महासचिव मोरेश्वर शेडगे, राजू दुर्गे, महिला आघाडी शहराध्यक्ष उज्ज्वला गावडे, पूर्व महापौर माई ढोरे, पूर्व उपमहापौर झामाबाई बारणे, पूर्व सदन नेता नामदेव ढाके, शिवसेना के जिलाप्रमुख बालासाहेब वाल्हेकर, राष्ट्रीय समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष विनायक रुपनवर, शिवसंग्राम के जिलाध्यक्ष अमोल पवार, प्रहार के शहर अध्यक्ष संजय गायखे आदि उपस्थित थे।