Tumsar Ramtek National Highway News: तुमसर-रामटेक राष्ट्रीय राजमार्ग पर खापा गांव के पास बंद पड़ी शिवामंजन कंपनी के ठीक सामने तीन वाहनों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस तिहरे हादसे में एक ट्रैक्टर, एक किराए की पिकअप गाड़ी और एक निजी कार शामिल है। इस हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और तीनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
सूत्रों के अनुसार रामटेक की दिशा में जा रही एक पिकअप क्र। एमएच 28 एबी 3097 ने अपने आगे चल रहे ट्रैक्टर क्र। एमएच 35एडब्ल्यू 3821 को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान विपरीत दिशा यानी तुमसर की ओर से आ रही एक निजी कार क्र।25 बीएच 2354 से पिकअप की आमनेसामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे स्थित बावनथड़ी मुख्य नहर के पास जाकर पलट गया।
इसके साथ ही निजी कार का सामने का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका एक पहिया टूटकर अलग हो जाने से कार सड़क से नीचे उतर गई, जबकि पिकअप गाड़ी बीच सड़क पर ही पलट गई।
पिकअप गाड़ी के बीच सड़क पर पलटने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर की यातायात व्यवस्था कुछ समय के लिए पूरी तरह से ठप हो गई। इस भीषण दुर्घटना में गनीमत यह रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन चालक और यात्रियों को मिलाकर कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे में पिकअप गाड़ी का चालक कन्हान, नागपुर निवासी ओमकार संजय काटेवार 27, निजी कार का चालक झालेवाडा बालाघाट निवासी विक्रांत गंगाप्रसाद शरणागत 36,बांधटोला निवास प्रकाश फुलसुंगे और कार के मालिक वाराशिवनी बालाघाट निवासी सीमांत पारधी 36 गंभीर रूप से घायल हुए हैं, हादसे की सूचना मिलते ही तुमसर पुलिस ने तुरंत मौके पर दौड़ लगाई।
पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए तुमसर के उपजिला शासकीय अस्पताल रवाना किया। इसके बाद सड़क पर पलटे वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। तुमसर पुलिस इस दुर्घटना का आगे का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।