Paithan News: पैठण तहसील स्थित श्री संत एकनाथ सहकारी चीनी मिल के आधुनिकीकरण व विस्तार के लिए लिए गए कर्ज में 16 करोड़ 62 लाख रुपये के कथित घोटाले का मामला सामने आने के बाद सचिन घायाल शुगर प्रा. लि. के निदेशक सचिन घायाल और उनके साझेदारों के खिलाफ एमआईडीसी पैठण पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जिला विशेष लेखा परीक्षण में निधि के उद्देश्यबाह्य विनियोग का मामला उजागर हुआ है। जिला विशेष लेखापरीक्षक सुरेश काकड़े ने अपनी शिकायत में कहा कि संबंधित कंपनी ने बुलढाणा अर्बन को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी से 30 करोड़ रुपये का व्यावसायिक कर्ज लिया था।
इस कर्ज का उपयोग राज्य सहकारी बैंक की एकमुश्त पुनर्भुगतान योजना के तहत बकाया निपटाने और कारखाने के आधुनिकीकरण के लिए किया जाना था। इसके लिए मुधलवाड़ी स्थित मिल की जमीन, इमारतें, गोदाम और यंत्रसामग्री गिरवी रखी गई थीं। कर्ज वितरण के बाद 13.17 करोड़ रुपये राज्य सहकारी बैंक के खाते में जमा किए गए, जबकि शेष 16.62 करोड़ रुपये कंपनी के निजी खाते में मोड़े जाने का आरोप है।
जिला विशेष लेखापरीक्षक काकड़े ने बताया कि ऑडिट के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने में टालमटोल की गई। इसके चलते महाराष्ट्र सहकारी संस्था अधिनियम 1960 की धारा 80 के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव दिया गया। प्रादेशिक सहसंचालक (शक्कर) के आदेश के बाद हुई सघन जांच में कर्ज के विनियोग में अनियमितता की पुष्टि होने पर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी गई है।