Teacher Stabbed By Student In Sambhajinagar: शहर के छावनी क्षेत्र स्थित लिटिल फ्लावर अंग्रेजी स्कूल में मंगलवार को हुई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) लेने पहुंचे एक नाबालिग छात्र ने अपने पूर्व कक्षा शिक्षक विशाल दुशिंग पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल शिक्षक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, वर्ष 2023 में आरोपी छात्र नौवीं कक्षा में पढ़ता था। उसी दौरान घायल शिक्षक विशाल दुशिंग उसकी कक्षा के प्रभारी थे। उसी वर्ष छात्र परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो गया था। जांच में सामने आया है कि छात्र इसके लिए शिक्षक को जिम्मेदार मानता था और पिछले दो वर्षों से उनके प्रति गहरी नाराजगी रखे हुए था। इसी रंजिश के चलते वह टीसी लेने के बहाने स्कूल पहुंचा।
विद्यालय पहुंचने के बाद छात्र की प्रधानाचार्या के कक्ष में शिक्षक से मुलाकात हुई। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत और बहस होती रही। प्रधानाचार्या और अन्य शिक्षकों ने छात्र को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी नाराजगी कम नहीं हुई। बातचीत समाप्त होने के बाद जैसे ही शिक्षक कक्ष से बाहर निकले, छात्र ने अचानक अपने पास रखा चाकू निकालकर उन पर लगातार कई वार कर दिए।
हमले के दौरान शिक्षक को बचाने के लिए आगे आए एक व्यक्ति को भी आरोपी ने चाकू दिखाकर पीछे हटने की धमकी दी। घटना से स्कूल परिसर में दहशत फैल गई। प्रधानाचार्य ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल पुलिस और चिकित्सा सहायता बुलाई। घायल शिक्षक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी छात्र कथित रूप से ऑनलाइन माध्यम से चाकू खरीदकर स्कूल पहुंचा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले की प्लान पहले से बनाई गई थी या विवाद के दौरान उसने अचानक हमला किया। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेः- CM फडणवीस के नेतृत्व में 629 करोड़ के सड़क विकास कार्यों से चमकेगा पुणे, ग्रैंड टूर 2027 की तैयारी शुरू
दिनदहाड़े स्कूल परिसर में शिक्षक पर हुए इस हमले ने शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों की सुरक्षा, विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति और नाबालिगों तक ऑनलाइन माध्यम से घातक हथियारों की आसान पहुंच जैसे गंभीर मुद्दों को सामने ला दिया है। इस घटना के बाद शिक्षा जगत में चिंता का माहौल है और स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के नियमित मनोवैज्ञानिक परामर्श की आवश्यकता पर फिर से चर्चा शुरू हो गई है।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट