Haj 2027 Selection 1151 Pilgrims: हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए चयन प्रक्रिया (ड्रॉ) पूरी कर दी है। यह प्रक्रिया 30 जुलाई 2026 को मुंबई स्थित हज हाउस में संपन्न हुई। देशभर से हज यात्रा के लिए कुल 1,98,871 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे।
इनमें 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के यात्रियों, 45 वर्ष या उससे अधिक आयु की बिना महरम महिलाओं तथा हज-2026 की प्रतीक्षा सूची के 20 प्रतिशत यात्रियों को आरक्षित श्रेणी में सीधे चयनित किया गया, जबकि शेष आवेदनों का ड्रॉ निकाला गया।महाराष्ट्र से प्राप्त 27,699 आवेदनों में से 16,266 यात्रियों का चयन हुआ है, जबकि 11,433 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।
वहीं छत्रपति संभाजीनगर जिले से प्राप्त 2,452 आवेदनों में से 1,151 हज यात्रियों का चयन किया गया है और 1,301 आवेदक प्रतीक्षा सूची में हैं। चयनित यात्रियों में 340 आरक्षित श्रेणी, एक बिना महरम महिला, हज-2026 की प्रतीक्षा सूची से 30 तथा 780 नए हज यात्री शामिल हैं।
हज-2027 के लिए चयनित सभी यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। प्रत्येक यात्री को 1,52,300 रुपये जमा करने की रसीद के साथ हज आवेदन पत्र, शपथ-पत्र, पासपोर्ट घोषणा पत्र, पासपोर्ट की स्वप्रमाणित प्रति, सरकारी अस्पताल द्वारा जारी चिकित्सीय फिटनेस प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक या रद्द चेक (Cancelled Cheque) की प्रति तथा सफेद पृष्ठभूमि वाला पासपोर्ट आकार का नवीनतम फोटो महाराष्ट्र राज्य हज कमेटी में जमा करना अनिवार्य है। समय सीमा के भीतर सभी दस्तावेज जमा करने पर ही आगे की हज यात्रा प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
खिदमते हुज्जाज कमेटी, छत्रपति संभाजीनगर ने हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों की सहायता हेतु विशेष निःशुल्क मार्गदर्शन केंद्र शुरू किया है। यहां प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज जमा करने, शुल्क भुगतान और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं से संबंधित जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष मिर्जा रफत बेग ने सभी चयनित हज यात्रियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।