Sambhajinagar Jaikwadi Dam Project: छत्रपति संभाजीनगर शहर की बहुप्रतीक्षित जलापूर्ति योजना में बाधाएं दूर हो गई हैं। सोमवार की सुबह से जायकवाड़ी से पंपिंग शुरू कर नक्षत्रवाड़ी तक पानी पहुंचाया जाएगा।
ढोरकीन के निकट स्कॉर वॉल्व फूटने से दो दिन ठप जलवाहिनी की टेस्टिंग अब पुनः शुरू होने जा रही है। याद रहे कि मुख्य जलवाहिनी की जांच के दौरान गुरुवार शाम ढोरकीन क्षेत्र में स्कॉर वाल्व फट जाने से अचानक जलापूर्ति रोकने की नौबत आई थी।
इसके चलते पूरी व्यवस्था प्रभावित हुई व टेस्टिंग प्रक्रिया ठप हो गई। यही नहीं, करीब 3 एमएलडी पानी बर्बाद होने का अनुमान है। इस बड़ी समस्या को दूर करने के लिए महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण (एमजेपी) और जीवीपीआर कंपनी ने आनन-फानन में मरम्मत कार्य शुरू किया।
शुक्रवार को पूरे दिन पानी निकालकर खराब हिस्से की पहचान की गई और शनिवार को नया स्कॉर वाल्व लगाकर मरम्मत पूरी की गई। लगातार दो दिनों की कड़ी मेहनत के बाद जलवाहिनी फिर से चालू होने की स्थिति में आ गई है।
ढोरकीन में मरम्मत पूरी होने के बाद निसर्ग नर्सरी के पास मेनहोल और स्कॉर वाल्व कनेक्शन का काम शुरू किया गया। रविवार सुबह से सीमेंट-कंक्रीट के साथ अंतिम निर्माण कार्य जारी है। यह काम रात तक पूरा होने की संभावना है, जैसा ही यह कार्य पूरा होगा, प्रक्रिया आगे बढ़ सकेंगी।
मुख्य अभियंता मनीषा पलांडे ने बताया कि नक्षत्रवाड़ी तक पानी पहुंचने के बाद मुख्य जलवाहिनी की प्राथमिक जांच पूरी होगी। इसके बाद शहर की पानी आपूर्ति योजना के अगले चरणों को गति मिल सकेगी। पलांडे का कहना रहा कि तकनीकी अड़चनों के बावजूद काम तेजी से पूरा किया गया है। योजना के अनुसार पंपिंग शुरू होने पर नक्षत्रवाड़ी तक पानी पहुंचाना संभव होगा।
ज्ञात हो कि गुढी पाड़वा के शुभ मुहूर्त पर जायकवाड़ी परियोजना से सायफन पद्धति के जरिए पानी मुख्य पाइपलाइन में छोड़ा गया था। तदुपरांत पानी धनगांव, कारकीन, बोरकीन, कवड़गांव, बिड़कीन और फारोला होते हुए औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंच चुका है।
एमजेपी के उपअभियंता की ओर से सोमवार सुबह निरीक्षण के बाद ही पंपिंग शुरू की जाएगी, अधिकारियों के अनुसार, पाइपलाइन में पहले से पानी मौजूद होने के चलते पंपिग शुरू होते ही नक्षत्रवाड़ी तक पानी तेजी से पहुंचेगा।