Chhatrapati Sambhajinagar Water Supply Update: शहर की प्यास बुझाने वाली 1221 मिमी व्यास की मुख्य जलवाहिनी (पाइपलाइन) में जायकवाड़ी उद्भव क्षेत्र के पास एक बड़ा लीकेज सामने आया है। पाइपलाइन फटने के खतरे को देखते हुए महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके चलते 8 मई 2026 को शहर में 10 घंटे का शटडाउन लिया जाएगा।
जलापूर्ति विभाग के अनुसार, पिछले 5-6 दिनों से पाइपलाइन से पानी का रिसाव लगातार बढ़ रहा था। रिसाव के कारण 100 एमएलडी क्षमता वाली योजना से शहर को मिलने वाले पानी की मात्रा में भारी गिरावट आई है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई, तो पाइपलाइन अचानक फट सकती है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
यह भी पढ़ें: मोतीकारंजा से समर्थनगर तक नालों की सफाई सोमवार तक हो, सभापति Anil Makariye ने दिए निर्देश
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका प्रशासन ने इस तकनीकी समस्या के कारण होने वाली असुविधा पर खेद व्यक्त किया है। जलापूर्ति विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे उपलब्ध पानी का उपयोग मितव्ययिता (किफायत) से करें और प्रशासन के साथ सहयोग करें। मरम्मत कार्य पूरा होते ही पाइपलाइन को फिर से चार्ज किया जाएगा।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट