Congress Protest Over Chhatrapati Sambhajinagar Water Crisis: छत्रपति संभाजीनगर शहर की नई जलापूर्ति योजना में लगातार हो रही देरी और बढ़ते जल संकट को लेकर शहर जिला कांग्रेस समिति ने सोमवार को महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण (एमजेपी) के समक्ष मोर्चा खोल दिया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एड. सैयद अकरम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एमजेपी अधिकारियों को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो कांग्रेस नागरिकों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करेगी।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अमृत-2 योजना के अंतर्गत चल रही नई जलापूर्ति परियोजना का कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। शहर के सातारा-देवलाई, पुंडलिकनगर, जयभवानी नगर, विजयनगर, चिकलथाना, हिनानगर, राजनगर, नक्षत्रवाड़ी, कांचनवाड़ी, हर्सूल सहित अनेक क्षेत्रों तथा नो-नेटवर्क जोन में आज भी नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है। इसके कारण हजारों परिवारों को टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक तथा मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जल
छत्रपति संभाजीनगर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एड. सैयद अकरम ने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नागरिकों का मौलिक अधिकार है। प्रशासनिक अव्यवस्था और विभागों के बीच जिम्मेदारी टालने की प्रवृत्ति के कारण आम जनता को परेशान नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने तत्काल हस्तक्षेप कर परियोजना समय पर पूरी नहीं कराई और शहर को नियमित, स्वच्छ तथा पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं कराया, तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
छत्रपति संभाजीनगर शहर जिला कांग्रेस समिति के महासचिव इंजीनियर विशाल बंसवाल ने कहा कि पानी जैसे बुनियादी मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाकर ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। जलापूर्ति का समय-सारणी सार्वजनिक की जाए, पाइपलाइन में होने वाली लीकेज रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा जिन क्षेत्रों में कम दबाव से पानी पहुंच रहा है, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
यह भी पढ़ें:-
इस अवसर पर गुलाब पटेल, रामभाऊ लोखंडे, ऋषिकेश महाजन, मोहम्मद जाकेर, उमाकांत खोतकर, मोईन कुरैशी, योगेश थोरात, हकीम पटेल, साहेबराव बनकर, नदीम सौदागर, संजय धर्मरक्षक, अभिषेक शिंदे, प्रकाश जगधने, सृजन गावड़े, नदीम पटेल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
-नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट