आयुक्त अमोल येडगे (सोर्स: फाइल फोटो) 
औरंगाबाद

कर वसूली अभियान में सख्ती, प्रत्येक क्षेत्र में 100 बकायादार संपत्तियों की सूची तैयार करने के निर्देश

Tax Recovery Drive: छत्रपति संभाजीनगर में टैक्स वसूली अभियान तेज। आयुक्त अमोल येडगे ने एक महीने में सर्वे पूरा करने और 100 बड़े बकायादारों की सूची बनाने के निर्देश दिए। लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई।

गोरक्ष पोफली

Chhatrapati Sambhajinagar Property Tax: महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे ने शहर में कर बकाया वसूली अभियान को तेज करने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रत्येक क्षेत्र में कम से कम 100 बकायादार संपत्तियों की सूची तैयार करने तथा एक माह के भीतर सर्वेक्षण पूरा करने का आदेश दिया है। साथ ही लक्ष्य अधूरा रहने अथवा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

सोमवार, 11 मई को महानगरपालिका में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में शहर की कर वसूली की समीक्षा की गई। बैठक में सभी सहायक आयुक्तों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में बड़े कर बकायादारों की पहचान कर व्यक्तिगत स्तर पर वसूली प्रक्रिया को तेज करें।

बड़े बकाया दारों पर रहेगा विशेष ध्यान

आयुक्त अमोल येडगे ने कहा कि जिन संपत्ति धारकों पर लंबे समय से भारी कर बकाया है, उन मामलों में अधिकारी स्वयं पहल करें और नियमित संपर्क बनाकर वसूली सुनिश्चित करें। इसके अलावा अब तक कर के दायरे से बाहर रह गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कर व्यवस्था में शामिल करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि इससे महानगरपालिका के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

‘मेरा कर, मेरी जिम्मेदारी’ अभियान को मिल रही गति

महानगरपालिका प्रशासन द्वारा ‘मेरा कर, मेरी जिम्मेदारी’ अभियान के तहत बकाया सहित एकमुश्त कर जमा करने वाले नागरिकों को ब्याज राशि पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाकर जल्द कर जमा करने की अपील की गई है। प्रत्येक क्षेत्र में कर संग्राहक और दल प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। उन्हें प्रतिदिन कम से कम 50 संपत्तियों का दौरा करना अनिवार्य किया गया है। इस दौरान कर निर्धारण, वसूली तथा लंबित मामलों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्री मित्र डैशबोर्ड के माध्यम से होगी निगरानी

आयुक्त अमोल येडगे ने कहा कि संपूर्ण सर्वेक्षण प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी की जाए। कार्य में ढिलाई पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विशेष श्री मित्र डैशबोर्ड के माध्यम से प्रतिदिन की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अगली समीक्षा बैठक तक कर वसूली के आंकड़ों में उल्लेखनीय वृद्धि दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जा सकती है, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

छत्रपती संभाजीनगर महानगरपालिका प्रशासन को विश्वास है कि इन उपायों से कर वसूली अभियान को और अधिक गति मिलेगी तथा शहर के विकास कार्यों के लिए आवश्यक आर्थिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

आज की ताजा खबर 17 अगस्त LIVE: JPSC-JSSC मुद्दे पर छात्रों से आज दोपहर 2 बजे बातचीत करेगी झारखंड सरकार

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सारी बड़ी खबरें

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में मीडिया की नो एंट्री! फोटो-वीडियो पर भी लगा बैन, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

आचार्य प्रमोद कृष्णम का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- राहुल गांधी पाकिस्तान के राष्ट्रपति जैसे

Tamil Nadu NEET Protest: विधानसभा के नए प्रस्ताव के बावजूद चेन्नई में NEET के खिलाफ प्रदर्शन जारी