Municipal Corporation Hawkers Committee Election: छत्रपति संभाजीनगर शहर में पिछले 12 वर्षों से लंबित हॉकर्स जोन योजना को आखिरकार गति मिलने जा रही है। महानगरपालिका ने हॉकर्स समिति के चुनाव के लिए 64 लाख 12 हजार 505 रुपये के खर्च का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे 14 जुलाई को होने वाली मनपा की आम सभा में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही 25 जुलाई को समिति का चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद शहर में हॉकर्स जोन का निर्धारण, सर्वेक्षण और नियोजन की प्रक्रिया शुरू होगी।
वर्ष 2014 में राज्य सरकार ने शहरों में हॉकर्स के लिए नियोजित व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे, लेकिन समिति का गठन नहीं होने और मामला श्रम न्यायालय में लंबित रहने के कारण पूरी प्रक्रिया वर्षों तक ठप पड़ी रही। अब न्यायालयीन बाधाएं दूर होने के बाद मनपा ने चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
हॉकर्स समिति की आठ सीटों के लिए होने वाले चुनाव पर कुल 64 लाख 12 हजार 505 रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें चुनाव प्रक्रिया पर 58 लाख 29 हजार 550 रुपये तथा 10 प्रतिशत आकस्मिक निधि के रूप में 5 लाख 82 हजार 955 रुपये का प्रावधान किया गया है।
इस चुनाव में सबसे अधिक खर्च मतपत्रों की छपाई पर होगा। करीब 15 हजार 500 मतपत्र सात अलग-अलग श्रेणियों में छापे जाएंगे, जिस पर लगभग 43 लाख 40 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा चुनाव कर्मियों का मानदेय, पुलिस बंदोबस्त, वाहन व्यवस्था, मतपेटियां, वीडियो रिकॉर्डिंग, प्रशिक्षण, प्रचार सामग्री, मंडप, ध्वनि व्यवस्था, भोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए भी बजट प्रस्तावित किया गया है।
यह भी पढ़ें: अस्पतालों की सुध लेने अचानक पहुंचे अधिकारी; मुंबई के चेंबूर में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए कड़े आदेश
छत्रपति संभाजीनगर मनपा अधिकारियों के अनुसार समिति के गठन के बाद शह रभर के हॉकर्स का सर्वेक्षण कराया जाएगा, क्षेत्रवार हॉकर्स जोन निर्धारित किए जाएंगे और उसके आधार पर शहर की हॉकर्स व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा। इससे वर्षों से लंबित व्यवस्था लागू होने के साथ ही सड़कों पर व्यवसाय करने वाले हॉकर्स को नियोजित स्थान उपलब्ध कराने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट