Chhatrapati Sambhajinagar Supply Department Inspection: छत्रपति संभाजीनगर जिला आपूर्ति विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत जिलेभर में 167 होटलों की जांच की गई, जिसमें कुल 38 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जिनका उपयोग व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा था। जिला आपूर्ति अधिकारी प्रवीण फुलारी ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है व संबंधितों पर केस दर्ज किया जाएगा।
मध्य-पूर्व एशिया में जारी तनाव के चलते गैस की कमी है, सरकार ने घरेलू गैस को प्राथमिकता देते हुए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी है।
इसके बाद जिला आपूर्ति विभाग ने पहले तीन दिनों तक एजेंसियों की जांच की, लेकिन कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई। इसके बाद होटल व खाद्य व्यवसायों की जांच शुरू की गई।
शहर के 62 होटलों की जांच के दौरान बूढीलाइन स्थित आदिल टी हाउस में तीन घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए,जिन्हें जब्त कर होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद 11 टीमों ने जिलेभर में होटलों की जांच की, कन्नड़, गंगापुर व सिल्लोड़ तहसीलों में 23 स्थानों से सिलेंडर जब्त किए। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर व्यावसायिक सिलेंडर भी पाए गए हैं।
यह भी पढ़ें:-छत्रपति संभाजीनगर: सिडको मनपा अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, गर्भाशय कैंसर से बचाव पर जोर
हालांकि, इनकी आपूर्ति बंद होने के बावजूद ये सिलेंडर कहां से आ रहे हैं, इसका स्पष्ट पता अब तक नहीं चल पाया है। जिससे प्रशासन भी हैरान है।
जिले में गैस की कमी से आम नागरिक परेशान हैं। होटल, ढाबों व केटरिंग में घरेलू सिलेंडर के उपयोग पर कार्रवाई जारी है। इसी बीच विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, गैस संकट को देखते हुए राशन कार्ड पर बंद किया गया। केरोसिन फिर से शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।