Highlights:
मेलघाट में इस साल मक्का उत्पादन संतोषजनक रहने से किसानों में उत्साह है।
खरीफ सीजन 2026-27 में मक्का का समर्थन मूल्य 2,410 रुपए, बाजरा का 2,900 रुपये और संकरित ज्वार का 4,023 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित बताया गया है।
किसानों को सरकारी समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल पर जल्द से जल्द ऑनलाइन पंजीयन कराने की सलाह दी गई है।
Dharni Chikhaldara Procurement Centres: अमरावती जिले के मेलघाट में इस साल मक्के की फसल का उत्पादन संतोषजनक होने से किसानों में उत्साह है। किसानों की मक्का फसल बिक्री के लिए तैयार है और कई किसानों ने व्यापारियों को मक्का बेचना भी शुरू कर दिया है।
ऐसे में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और सरकारी समर्थन मूल्य खरीदी योजना का लाभ पहुंचाने के लिए महाराष्ट्र राज्य सहकारी आदिवासी विकास महामंडल के धारणी प्रादेशिक कार्यालय ने पहल की है।
महामंडल ने खरीफ सीजन 2026-27 के तहत मक्का सहित अन्य मोटे अनाज की सरकारी खरीदी योजना का लाभ लेने के लिए किसानों से एग्रीस्टैक पोर्टल पर जल्द से जल्द ऑनलाइन पंजीयन कराने की अपील की है। महामंडल के प्रादेशिक व्यवस्थापक सागर सोनवणे ने कहा कि किसान समय रहते पंजीयन की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि सरकारी समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इससे किसानों को आर्थिक लाभमिलने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया भी पारदर्शी तरीके से पूरी हो सकेगी।
इस साल खरीदी प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है। इससे किसानों को कागजी कार्रवाई से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलने और खरीदी प्रक्रिया आसान होने की उम्मीद है। महामंडल के अनुसार, अनाज की खरीदी के बाद नियमानुसार तीन दिन के भीतर किसानों के बैंक खाते में राशि जमा करने की व्यवस्था की गई है। महामंडल ने किसानों से अपील की है कि वे पंजीयन में देरी न करें और सरकारी खरीदी योजना का लाभ उठाएं।
समर्थन मूल्य खरीदी योजना के तहत खरीफ सीजन 2026-27 में धान और मोटे अनाज की खरीदी के लिए धारणी और चिखलदरा तहसील में छह केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें धारणी, सावलीखेड़ा, हरिसाल, चौरनी, गौलखेड़ा बाजार और सेमाडोह शामिल है। इसके अलावा किसानों को नजदीक में ही खरीदी की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राहू, चाकरदा, बैरागड़ और साद्राबाड़ी में चार नए खरीदी केंद्र शुरू करने का प्रस्ताव जिलाधिकारी के पास भेजा गया है।
मक्का: 2,410 रुपए प्रति क्विंटल
बाजराः 2,900 रुपए प्रति क्विंटल
संकरित ज्वार : 4,023 रुपए प्रति क्विंटल