Amravati Super Speciality Hospital: विभागीय संदर्भ सेवा (सुपर स्पेशलिटी) अस्पताल में अत्याधुनिक मेट्रो ब्लड बैंक और विभिन्न विभागों के लिए नए चिकित्सा उपकरणों की खरीदारी हेतु नियोजन विभाग की ओर से 9 करोड़ रुपए का फंड मंजूर किया गया है। यह सफलता अमरावती की विधायक सुलभा खोडके के निरंतर प्रयासों से हासिल हुई है।
अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट, कैंसर, कार्डियक और न्यूरो जैसी जटिल सर्जरी होती हैं, लेकिन अपनी ब्लड बैंक न होने के कारण मरीजों को बाहर से रक्त का इंतजाम करना पड़ता था। अब 4.94 करोड़ रुपए की लागत से पैथोलॉजी और लैब सुविधाओं से युक्त मेट्रो ब्लड बैंक की स्थापना की जाएगी।
उपकरण व अन्य सुविधाओं के लिए 4.41 करोड़ मंजूर हुए है। जिससे अस्पताल के अन्य यूनिट्स के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरण, मशीनरी और सोलर पैनल लगाने के लिए किया जाएगा। वर्ष 2026-27 की साधारण जिला वार्षिक योजनाके तहत इन विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
अमरावती सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में न केवल संभाग के ग्रामीण और दुर्गम इलाकों जैसे धारणी-मेलघाट से, बल्कि पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। विधायक खोडके द्वारा शासन-प्रशासन स्तर पर की गई मजबूत पैरवी और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमोल नरोटे के प्रस्ताव के बाद मंजूर हुए इस 9 करोड़ के बजट से अमरावती की स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई संजीवनी मिलेगी।