Highlights:
अमरावती जिले की मोर्शी तहसील में लंबित समस्याओं को लेकर शिवसेना (उबाठा) नेता बंडू साउत ने अनोखा 'आकंठ दफन' आंदोलन किया।
बंडू साउत ने 16 नवंबर को अंबाडा बस स्टैंड के सामने खुद को गड्ढे में दफन कर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
चारगड प्रकल्प के तहत 23 गांवों की जलापूर्ति योजना शुरू करने और अंबाडा में पानी की टंकी व जलापूर्ति कुएं को मंजूरी देने की मांग की गई।
Amravati Shiv Sena Protest: अमरावती जिले के मोर्शी तहसील की विभिन्न लंबित समस्याओं की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए शिवसेना (उबाठा) के उपजिला प्रमुख एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य बंडू साउत ने सोमवार, 16 नवंबर की सुबह अंबाडा बस स्टैंड के सामने अनोखा 'आकंठ दफन' आंदोलन किया। उन्होंने स्वयं को गड्ढे में दफन कर विरोध जताया।
आंदोलन के चलते क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और अंबाडा में पुलिस छावनी जैसा नजारा दिखाई दिया। आंदोलन में शिवसेना के वर्धा जिला संपर्क प्रमुख सुधीर सूर्यवंशी, सांसद अमर काले, तहसील प्रमुख निलेश आघाडे, युवासेना प्रमुख उमेश शहाणे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। नेताओं ने ट्रैक्टर पर खड़े होकर प्रशासन से सभी मांगें मंजूर करने की मांग की।
चारगड प्रकल्प के अंतर्गत मोर्शी तहसील के 23 गांवों के लिए मंजूर महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की जलापूर्ति योजना तत्काल शुरू करने, अंबाडा की 17 हजार आबादी के लिए तीन लाख लीटर क्षमता की पानी की टंकी और जलापूर्ति कुएं को मंजूरी देने की मांग की गई, इसके अलावा नागरिकों को जन्म प्रमाणपत्र, पात्र लोगों को राशन और ई-केवाईसी के कारण बंद हुए लाडली बहन योजना के लाभ दोबारा शुरू करने की मांग उठाई गई।
सूखे के कारण प्रभावित खेत मजदूरों को 50 हजार रुपए और किसानों को घोषित एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने, स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने, माइक्रो फाइनेंस और किसानों-मजदूरों के कर्ज की किस्तों पर रोक लगाने तथा रोजगार गारंटी योजना के काम तत्काल शुरू करने की मांग भी की गई।
सुबह 11.30 से दोपहर 2.30 बजे तक चले आंदोलन के दौरान नायब तहसीलदार चारुदत्त पाटिल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन के अधिकार क्षेत्र की मांगों को मंजूरी देने तथा अन्य मांगों को शासन के पास भेजने का लिखित आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन वापस लिया गया। इस समय मोर्शी के थानेदार राहुल आठवले के नेतृत्व में कड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात रहा। आंदोलन में हजारों लोगों ने सहभाग लिया।