Amravati Fake Officers Case News: अमरावती शहर के खंडेलवाल नगर स्थित आरओ वाटर प्लांट में जाकर स्वयं को सरकारी बाल श्रम दस्ते के अधिकारी बताकर मालिक को नकद 1 लाख 15 हजार रुपए से ऐंठने का मामला सामने आया है। अभिजीत राजाभाऊ आबदेव 42, कठोरा रोड, अमरावती की शिकायत पर बडनेरा पुलिस ने चार फर्जी अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और रंगदारी का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता अभिजीत आबदेव का खंडेलवाल नगर में एक वाटर बॉटल प्लांट है। 23 मई को दोपहर कार क्रमांक एमएच 37/ बीवी 0182 से चार अज्ञात लोग उनकी फैक्ट्री में आए। इन आरोपियों में तीन पुरुष जिनकी उम्र लगभग 50 वर्ष, 40 वर्ष, और 35 से 38 वर्ष थी और एक महिला 45 वर्ष शामिल थी।
फैक्टी में आते ही आरोपियों ने मालिक से कहा, हम सरकारी बाल श्रम दस्ते के लोग हैं। हमें जानकारी मिली है कि आपकी फैक्ट्री में बाल मजदूर काम कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने वहां कार्यरत अमित जोधले नाम के व्यक्ति को पकड़ लिया और मालिक को डराते हुए कहा कि वे फैक्ट्री को तुरंत सील करने जा रहे हैं और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जबरन ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और काउंटर से नकद भी उड़ाए। कार्रवाई न करने और मामला रफादफा करने के एवज में फर्जी अधिकारियों ने पैसों की मांग की। डरे हुए पीड़ित ने आरोपियों द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर गूगल पे के माध्यम से 15 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
इसके बाद भी आरोपियों का पेट नहीं भरा। उन्होंने फैक्ट्री के कैश काउंटर की तलाशी ली और वहां रखे 1 लाख रुपये नकद जबरन निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। फैक्ट्री मालिक को जब अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत बडनेरा थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अभिजीत आबदेव की शिकायत पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रंगदारी और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया। पुलिस कार के नंबर और हुलिए के आधार पर इन फर्जी सरकारी अधिकारियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।