MP Balwant Wankhade Meeting For Electriciy Issues: अमरावती में बढ़ती बिजली कटौती पर सांसद सख्त; अधिकारियों को फील्ड पर उतरने के निर्देशअमरावती शहर में बढ़ती बिजली समस्याओं और लगातार हो रही कटौती को लेकर सांसद बलवंत वानखड़े ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर के विभिन्न हिस्सों से मिल रही शिकायतों के बाद सांसद ने सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर के कार्यालय में महावितरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि गर्मी के इस मौसम में नागरिकों को होने वाली असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी तकनीकी खामियों को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि अमरावती शहर के वडाली, बुधवारा, बिच्छू टेकड़ी, जवाहर स्टेडियम, फ्रेजरपुरा, चपरासीपुरा और पश्चिम क्षेत्र में बिजली की स्थिति काफी खराब है। इन इलाकों में आए दिन लाइन फेल होना, ट्रांसफॉर्मर पर क्षमता से अधिक लोड (ओवरलोडिंग) और लो-हाई वोल्टेज जैसी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। सांसद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर शिकायतों का समाधान न होना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है।
सांसद बलवंत वानखेड़े ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि शहर के तीन सब-डिवीजन में कुल 2,06,000 बिजली ग्राहक हैं, जिनसे विभाग को हर महीने लगभग 36 करोड़ रुपये की वसूली होती है। इसके बावजूद ग्राहकों को बुनियादी सुविधाएं और सुचारू बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में सक्रिय रहने वाला विभाग सेवा देने के मामले में पीछे क्यों है? बैठक में मनपा विपक्ष नेता विलास इंगोले, बबलू शेखावत और मिलिंद चिमोटे ने भी जनसमस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
यह भी पढ़ें:- Amravati Murder Case: चांदूर के जवला शहापुर में सनसनी; चरित्र पर संदेह के चलते पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या
गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है, जिससे ट्रांसफॉर्मर जलने और केबल फॉल्ट की घटनाएं बढ़ी हैं। सांसद ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में ओवरलोडिंग की समस्या है, वहां तत्काल नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं। साथ ही, शिकायत केंद्र पर आने वाली कॉल का त्वरित जवाब देने और सुधार कार्य समय पर पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में लापरवाही पाई गई, तो सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।