Diya Bribery Case: अमरावती ने धारणी तहसील के दिया ग्राम पंचायत के ग्राम सचिव को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद ग्राम पंचायतों के अधिकारीकर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, धारणी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत दिया के अधीन आने वाले तलाई कैंप स्थित एक लेआउट में आवेदक ने अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य करने के लिए एनओसी प्राप्त करने हेतु आवेदन किया था।
आरोप है कि एनओसी जारी करने के बदले ग्राम सचिव रामलाल भीलावेकर ने आवेदक से 6 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। बताया जा रहा है कि आवेदक पहले ही 4 हजार रुपए दे चुका था, लेकिन शेष 2 हजार रुपए के लिए ग्राम सचिव लगातार दबाव बना रहा था।
ये भी पढ़े: जालना-जलगांव रेल मार्ग: 25 गांवों की 140 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण; सुनवाई के बाद होगी फाइनल प्रक्रिया
बारबार की मांग और परेशानियों से तंग आकर आवेदक ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो अमरावती से की। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। धारणी के सिविल लाइन परिसर में जैसे ही ग्राम सचिव ने रिश्वत की शेष 2 हजार रुपए की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा। कार्रवाई की खबर फैलते ही धारणी तहसील की ग्राम पंचायतों में खलबली मच गई। देर शाम तक एसीबी की टीम मौके पर पंचनामा और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं में जुटी रही। मामले में आगे की जांच जारी है।