अमरावती में घुमंतू परिवारों को मकान (सोर्सः सोशल मीडिया)
अमरावती

अमरावती में 20 साल का संघर्ष खत्म, नाथ संप्रदाय के 54 घुमंतू परिवारों को मिले पक्के मकान

Chandur Bazar Nath Community: अमरावती जिले के चांदूर बाजार में नाथ संप्रदाय के 54 घुमंतू परिवारों को 20 वर्षों के संघर्ष के बाद पक्के मकान मिले हैं।

आंचल लोखंडे

Highlights

  • अमरावती के चांदूर बाजार में नाथ संप्रदाय के 54 घुमंतू परिवारों को लंबे संघर्ष के बाद पक्के मकान मिले।

  • बस्ती के 54 परिवारों को घर मिल चुके हैं, लेकिन 25 परिवारों को अब भी अपने पक्के आशियाने का इंतजार है।

  • घरकुल योजना और भूमि अधिग्रहण के प्रस्ताव के लिए सरकार की ओर से 2 करोड़ 37 लाख रुपए की निधि मंजूर की गई।

Amravati Nomadic Families Housing: स्वाधीनता के अमृत काल में भी देश और राज्य के कई विमुक्त एवं घुमंतू जनजातीय परिवार मूलभूत सुविधाओं तथा शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। पहचान और आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में समाज की मुख्य धारा से कटे इन परिवारों के जीवन में आखिरकार उम्मीद का नया उजाला आया है।

चांदूर बाजार के नाथ संप्रदाय के 54 परिवारों को 20 वर्षों के अथक संघर्ष के बाद अपने पक्के मकान का अधिकार मिल गया है, जबकि 25 परिवार अब भी अपने आशियाने की आस में हैं।

आजादी में योगदान, पर दस्तावेजों में नहीं दर्ज था नाम

देश की आजादी में नाथ संप्रदाय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हालांकि, आजीविका की तलाश में कला और भिक्षाटन के जरिए दर-दर भटकने की विवशता के कारण इन परिवारों का नाम शासकीय दस्तावेजों में दर्ज नहीं हो सका। नतीजतन, वर्षों तक ये परिवार सभी सरकारी योजनाओं से कटे रहे।

ऐसे बदला संघर्ष का रुख

नवभारत में खबर प्रकाशित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। ग्राम पंचायत शिरगांव बड़ के तत्कालीन सचिव वी. डी. मोरे ने बस्ती का दौरा कर ग्राम पंचायत के सहयोग से सबसे पहले सार्वजनिक नल व रोशनी की व्यवस्था कराई।

इसके बाद निवासियों को रहवासी दाखिला, राशन कार्ड और आधार कार्ड जैसे बुनियादी दस्तावेज मुहैया कराए गए। तत्कालीन राज्य मंत्री एवं अचलपुर के पूर्व विधायक बच्चू कडू के प्रयासों से घरकुल योजना और भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया। इसके लिए सरकार की ओर से 2 करोड़ 37 लाख रुपए की निधि स्वीकृत की गई।

सामाजिक सहयोग से साकार हुआ सपना

प्रति मकान 1 लाख 20 हजार रुपए की शासकीय निधि ऊंट के मुंह में जीरे के समान साबित हो रही थी, जिससे एक साधारण शौचालय का निर्माण भी मुश्किल था। स्थिति को देखते हुए विधायक बच्चू कडू ने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से निधि जुटाकर इन 54 परिवारों के लिए पक्के मकानों का निर्माण पूरा कराया। 50 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद इस बार की दीपावली पर इन परिवारों के अपने घरों में आनंद, उत्साह और समाधान के दीप प्रज्वलित किए।

75 वर्षों बाद भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव

विधायक बच्चू कडू ने कहा कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन आज भी कई समुदाय मूलभूत सुविधाओं और पक्के मकानों से महरूम है, यह सोचने का विषय है।

विनोद पवार, स्थानीय नागरिक गरीबी की कोई जात या राज्य नहीं होता। जब राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की कलावती का मुद्दा उठाया था, तब हमने अमेठी जाकर एक गरीब महिला का मकान बनाकर आंदोलन के जरिए यह संदेश दिया था कि गरीबी निष्पक्ष होती है। देश में आज भी लाखों परिवार बेघर हैं। मुझे बेहद खुशी है कि चांदूर बाजार के 54 घुमंतू परिवारों को पक्का मकान देने में हम सफल रहे।

उत्तर भारत में जल्द पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, पश्चिमी विक्षोभ से कई राज्यों के मौसम में हो रहा बड़ा उलटफेर

3300 नए जांबाज होंगे नौसेना में शामिल, 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की सबसे बड़ी पासिंग आउट परेड

BJP सांसद निशिकांत ने राहुल से पूछा चीन से जुड़े दो बड़े सवाल, 200 लोगों के नाम-पते सार्वजनिक करने की मांग

School Holiday: नवंबर में कहीं 21 दिन तो कहीं 11 दिन तक स्कूल बंद, जानें छुट्टियों का पूरा शेड्यूल

अंतिम संस्कार के लिए हजारीबाग से वाराणसी जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, भीषण टक्कर में 7 की मौत,14 घायल