अमरावती: पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में नवंबर माह में किए जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अमरावती जिले की चार तहसीलों में 8 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट बनाए गए हैं. इन चेक पोस्टों पर पुलिस, राजस्व, आबकारी, आरटीओ, जीएसटी विभाग के अधिकारी तैनात किए गए हैं. जानकारी के अनुसार पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश की सीमा तीन विधानसभा क्षेत्र में आने वाली धारणी, चांदुर बाजार, चिखलदरा और वरुड़ तहसील से लगी है. इस कारण दोनों राज्यों के बीच आवागमन होता है. एसटी बसों के साथ साथ निजी बसें, मालवाहक ट्रक, ट्रेनों का आवगामन भी होता है.
चुनाव के दौरान शराब, नगद राशि, हथियारों की तस्करी रोकने के लिए दोनों राज्यों की पुलिस और जिला प्रशासन की गत दिनों मीटिंग हो चुकी है. इसमें शराब सहित अन्य गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए नियोजन किया गया है. अमरावती चुनाव विभाग के अधिकारी शिवाजी शिंदे ने बताया कि धारणी तहसील में बारातांडा और भोकरबर्डी में चेक पोस्ट है. यहां सेसुदा, बुरहानपुर, भोकरबड़ों की और आवागमन होता है, रंगबेली चेक पोस्ट से बैरागढ़, हरदा परिसर में आवागमन होता है.
इसी प्रकार चिखलदरा तहसील के काटकुंभ में चेक पोस्ट बनाया गया है. यहां से काटकुंभ, बैतूल जिले की भैसदेही परिसर की ओर से आवागमन होता है. चांदुर बाजार तहसील के शिरजगांव के कारंजा बहिरम में चेक पोस्ट बनाया गया. यहां से बहीरम, काडली परिसर और भौरदेशी मार्ग पर आवगमन होता है. ब्राम्हणवाडा परिसर के रेडवा में चेक पोस्ट बनाया गया है. इसी प्रकार मोशी विधान सभा क्षेत्र में आने वाले देवनागठाना और पुसला में चेक पोस्ट बनाया गया है.